दिल्ली कैपिटल्स के बल्लेबाज नीतीश राणा आईपीएल 2026 में लगातार अपने प्रदर्शन के कारण सवालों के घेरे में रहे हैं. इस सीजन में दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेल रहे बाएं हाथ के बल्लेबाज के लिए शुरुआती तीनों मैच बेहद खराब रहे और वो कुल 20 रन ही बना सके थे.
मगर सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच तो उनके लिए किसी फर्श से अर्श का सफर बन गया. इस मुकाबले में उन्हें गेंदबाजी की जिम्मेदारी दी गई तो उसमें वो बुरी तरह पिटे लेकिन फिर अपने बल्ले से नीतीश ने इसका जवाब देकर कुछ भरपाई की.
बॉलिंग में बुरी तरह पिटे नीतीश
हैदराबाद में 21 अप्रैल को खेले गए मुकाबले में मेजबान सनराइजर्स ने पहले बैटिंग की. इस मैच में सबको चौंकाते हुए दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल ने दूसरे ओवर में ही नीतीश को गेंदबाजी के लिए लगा दिया, जो पार्ट टाइम ऑफ ब्रेक बॉलिंग करते हैं. इस ओवर में उन्होंने सिर्फ 6 रन दिए, जिसके चलते कप्तान ने उन्हें पांचवें ओवर में दोबारा बॉलिंग पर लगाया. मगर इस ओवर में और ट्रेविस हेड ने उन पर 3 छक्के ठोक दिए.
शायद ही किसी ने सोचा होगा कि इस ओवर के बाद उन्हें दोबारा बॉलिंग मिलेगी लेकिन एक बार फिर ऐसा हुआ और अपने तीसरे ओवर में उन्होंने फिर से 6 रन दिए. एक बार फिर इस ओवर ने दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल को गलती पर मजबूर कर दिया और उन्होंने नीतीश से चौथा ओवर भी कराया. इस ओवर में नीतीश की जमकर धुनाई करते हुए अभिषेक ने 23 रन लूट लिए. इस तरह अपने 4 ओवर में नीतीश राणा ने 55 रन लुटा दिए.
बल्ले से की थोड़ी भरपाई
अब इतने रन लुटाए थे तो बल्ले से खुद भी कुछ रन बटोरने का दबाव नीतीश पर था. तीसरे ओवर में ही पहला विकेट गिरने के बाद बैटिंग के लिए उतरे नीतीश ने इसका बखूबी जवाब दिया. लगातार 3 मैच में सिर्फ 20 रन बनाने वाले दिल्ली के इस बल्लेबाज इस बार एक ओवर से ही 18 रन लूट लिए. उन्होंने स्पिनर शिवांग कुमार के इस ओवर में लगातार 3 गेंदों पर 2 छक्के और 1 चौका जमाया.
इस हमले का ही नतीजा था कि नीतीश ने 27 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जो पिछले सीजन के बाद उनका पहला ही था. इसके बाद भी वो ताबड़तोड़ रन बटोरने की कोशिश कर रहे थे लेकिन सफल नहीं हुए और 30 गेंदों में 57 रन बनाकर आउट हुए. उन्होंने 7 चौके और 3 छक्के जमाए.