MI vs LSG IPL 2026 Highlights: रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन की तूफानी अर्धशतकों के दम पर वानखेड़े स्टेडियम में हुए आईपीएल 2026 के 47वें मुकाबले में मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जांयट्स को 6 विकेट से हरा दिया.
मुंबई को इस मैच से पहले लगातार तीन हार मिली थी. ऐसे में ना सिर्फ उसने हार के सिलसिले को तोड़ा है बल्कि प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को भी जिंदा रखा है.. (Scorecard)
लखनऊ से मिले 229 के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस को रोहित शर्मा और रेयान रिकेल्टन ने तूफानी शुरुआत दिलाई. दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 143 रनों की साझेदारी हुई वो 10.4 ओवर में. रेयान रिकेल्टन 32 गेंदों में 6 चौके और 8 छक्कों के दम पर 83 रन बनाकर आउट हुए. इसके बाद चोट के बाद कमबैक कर रहे रोहित शर्मा लौटे. जिन्होंने 44 गेंदों में 6 चौके और 7 छक्के लगाए और 84 रनों की पारी खेली. इन दोनों का विकेट खोने के बाद मुंबई ने तिलक और सूर्या के भी विकेट भी सस्ते में गंवाए, लेकिन नमन धीर के कैमियो से टीम ने 8 गेंद रहते जीत दर्ज की.
इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत तो अच्छी नहीं रही थी, लेकिन फिर निकोलस पूरन और मिचेल मार्श ने जो प्रहार किया, उससे टीम ने 8 ओवर में 123 रन बनाए. लखनऊ एक समय 250 से ऊपर का स्कोर करती दिख रही थी. लेकिन फिर मुंबई के गेंदबाजों ने अच्छी वापसी की. कार्बिन बोश ने एक ही ओवर में पूरन और मार्श का शिकार किया. लखनऊ ने 37 रन के अंदर 4 विकेट गंवाए. आखिरी में हिम्मत और मार्करम की साझेदारी से टीम 200 का स्कोर पार करने में सफल रही. लखनऊ के लिए निकोलस पूरन ने 21 गेंदों में 1 चौके और 8 छक्कों के दम पर 63 रन बनाए. जबकि मिचेल मार्श ने 25 गेंदों में 44 बनाए. आखिरी में हिम्मत ने 31 गेंदों में 40 रनों की पारी खेली.