MI vs CSK: संजू सैमसन ने निकाली हार्दिक पंड्या की अकड़, 12 गेंदों पर लुटाए इतने सारे रन

Sanju Samson vs Hardik Pandya: मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच आईपीएल 2026 का 33वां मैच वानखेड़े स्टेडियम में खेला जा रहा है. इस मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी की और पावरप्ले में ही तूफानी शुरुआत कर दी. ओपनिंग जोड़ी ऋतुराज गायकवाड़ और संजू सैमसन ने मुंबई इंडियंस के गेंदबाजों की जमकर धुलाई की. मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या पावरप्ले में काफी महंगे साबित हुए. उन्होंने पावरप्ले के अंदर दो ओवर फेंके और दोनों ही ओवरों में 19-19 रन खर्च कर दिए. कुल मिलाकर उनके दो ओवरों में बिना कोई विकेट लिए 38 रन लग गए, जो उनकी इकोनॉमी को काफी खराब कर गया.

संजू सैमसन ने निकाली हार्दिक पंड्या की अकड़

पारी का दूसरा ओवर हार्दिक ने फेंका. इस ओवर में ऋतुराज गायकवाड़ ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया. उन्होंने दो चौके और एक छक्का जड़कर ओवर से 19 रन निकाल लिए. हार्दिक के इस खराब ओवर के बावजूद मुंबई इंडियंस के कप्तान ने पावरप्ले में एक और ओवर फेंकने का फैसला किया, लेकिन यह फैसला उनके लिए महंगा साबित हुआ.

चेन्नई सुपर किंग्स की पारी का चौथा ओवर भी हार्दिक पंड्या ने फेंका. इस ओवर की शुरुआत में उन्होंने लगातार दो डॉट गेंदें फेंकी, जिससे लगा कि वह लय में आ गए हैं. लेकिन इसके बाद संजू सैमसन ने उन्हें आड़े हाथों लिया. संजू ने लगातार 4 बाउंड्री लगाईं, जिसमें तीन चौके और एक छक्का शामिल रहा. ओवर में एक वाइड बॉल भी रही, जिसके कारण यह ओवर भी 19 रन का हो गया. इस तरह हार्दिक पंड्या के पहले दो ओवर पूरी तरह से संजू सैमसन और ऋतुराज गायकवाड़ की आक्रामक बल्लेबाजी का शिकार बन गए. पावरप्ले में ही चेन्नई सुपर किंग्स ने तेज रन रेट से रन बनाए और मुंबई इंडियंस पर दबाव बना दिया.

ऋतुराज गायकवाड़ फिर रहे फ्लॉप

ऋतुराज गायकवाड़ इस सीजन में खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं. लेकिन इस मुकाबले में वह अच्छी शुरुआत हासिल करने में कामयाब रहे. उन्होंने 14 गेंदों पर 3 चौके और 1 छक्के भी मदद से 22 रन बनाए. हालांकि, वह इस शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल सके. ये इस सीजन में सिर्फ दूसरा ही मौका है जब ऋतुराज गायकवाड़ ने 20 रन का आंकड़ा पार किया.