IPL 2026: ये 11 खिलाड़ी सालों से हैं टीम इंडिया से बाहर, दम ऐसा कि T20 की जबरदस्त प्लेइंग XI हो जाए तैयार

टीम इंडिया में जगह बनाने को लेकर खिलाड़ियों के बीच जबरदस्त होड़ है. ये कहानी किसी एक फॉर्मेट की नहीं बल्कि तीनों फॉर्मेट की है. उसी होड़ का नतीजा है कि कुछ खिलाड़ियों को बस गाहे-बेगाहे ही अपना हुनर दिखाने का मौका मिला है.

अब तो कईयों के लिए सालों बीत चुके हैं फिर से टीम इंडिया के लिए कोई मैच खेले. IPL 2026 में ऐसे तमाम प्लेयर खेल रहे हैं, जिन्हें टीम इंडिया के लिए किसी ना किसी फॉर्मेट में खेलने का मौका तो मिला, मगर अब वो लंबे समय से बाहर हैं. हमने ऐसे ही 11 खिलाड़ियों की लिस्ट तैयार की है, जो आईपीएल में अलग-अलग टीमों से खेल रहे हैं. मगर उनमें दमखम इतना है कि उन्हें मिलाकर T20 की एक जबरदस्त प्लेइंग XI तैयार की जा सकती है.

ओपनर्स

देवदत्त पडिक्कल

25 साल के बाएं हाथ के बल्लेबाज  टॉप ऑर्डर के बल्लेबाज हैं, जिन्होंने 5 साल पहले यानी साल 2021 में इंटरनेशनल डेब्यू किया. उन्होंने अपना पहला मैच T20 फॉर्मेट में खेला. मार्च 2024 में उन्होंने टेस्ट डेब्यू भी किया. मगर नवंबर 2024 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले पर्थ टेस्ट के बाद वो टीम इंडिया से बाहर हैं. RCB से खेल रहे देवदत्त पडिक्कल IPL 2026 में बल्ले से शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं.

पृथ्वी शॉ

भारतीय क्रिकेट में टैलेंटेड प्लेयर्स की जब भी बात होगी तो उसमें पृथ्वी शॉ का नाम जरूर आएगा. लेकिन, क्रिकेट टैलेंट के साथ अनुशासन भी मांगता है. पृथ्वी शॉ का करियर उसी अनुशासनहीनता के चलते डगमगाया. इतना कि टीम इंडिया से तो बाहर हुए ही, IPL खेलने के भी लाले पड़ गए. लेकिन, IPL 2026 के लिए पृथ्वी शॉ को दिल्ली कैपिटल्स ने 75 लाख में खरीदा है. हालांकि, उन्हें अभी तक इस IPL सीजन में कोई मुकाबला खेलने को नहीं मिला है. उन्हें अपनी बारी का इंतजार है. टीम इंडिया से बाहर हुए भी उन्हें 5 साल हो चुके हैं.

मिडिल ऑर्डर

रजत पाटीदार

RCB के कप्तान पिछले 2 सालों से टीम इंडिया से बाहर चल रहे हैं. मगर IPL 2026 में उनका जैसा प्रदर्शन दिख रहा है उससे लगता है कि टीम इंडिया में उनकी वापसी का इंतजार अब थमने वाला है. रजत पाटीदार का बल्ला हर मैच में रन उगल रहा है. वो छक्के लगाने में सबसे आगे चल रहे हैं. रजत पाटीदार ने टीम इंडिया के लिए आखिरी मैच फरवरी 2024 में टेस्ट मैच के तौर पर खेला था.

सरफराज खान

सरफराज खान को इस बार चेन्नई सुपर किंग्स से IPL में डेब्यू करने का मौका मिला है. पीली जर्सी में वो पूरे रंग में दिख रहे हैं. टीम इंडिया से बाहर हुए सरफारज खान को भी लंबा वक्त बीत चुका है. उन्होंने भारत के लिए अभी तक 6 टेस्ट खेले हैं. आखिरी टेस्ट उन्होंने नवंबर 2024 में खेला.

क्रुणाल पंड्या

स्पिन ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या का टीम इंडिया में डेब्यू साल 2018 में हुआ था. 2018 से 2021 के बीच उन्होंने 5 वनडे और 19 T20 खेले मगर उसके बाद टीम इंडिया से जो बाहर हुए तो फिर वापसी नहीं कर सके. IPL 2026 में क्रुणाल RCB से खेल रहे हैं और इस सीजन अपने बाउंसर को लेकर चर्चा में हैं.

वेंकटेश अय्यर

पेस ऑलराउंडर वेंकटेश अय्यर का टीम इंडिया में डेब्यू साल 2021 में हुआ था. उन्होंने कुल 11 इंटरनेशनल मुकाबले खेले जिसमें 2 वनडे भी शामिल रहे. साल 2022 में वो टीम इंडिया से बाहर हुए और तब से वापसी के इंतजार में हैं. IPL 2026 में अय्यर RCB का हिस्सा हैं.

स्पिनर

युजवेंद्र चहल

2016 में इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले युजवेंद्र चहल अगस्त 2023 के बाद टीम इंडिया में नहीं दिखे हैं. IPL 2026 में वो पंजाब किंग्स के लिए अपनी स्पिन का जादू बिखेर रहे हैं. भारत के लिए 72 वनडे और 80 T20 खेलने वाले चहल की गिनती IPL के सबसे सफल बल्लेबाजों में होती है.

तेज गेंदबाज

भुवनेश्वर, नटराजन, संदीप की तिकड़ी

भुवनेश्वर कुमार 4 साल से टीम इंडिया से बाहर हैं. टी. नटराजन 5 साल से तो संदीप शर्मा को बाहर हुए एक दशक बीत चुका है. IPL 2026 में इन तीनों तेज गेंदबाजों की तूती बोल रही है. भुवनेश्वर RCB से खेल रहे हैं. नटराजन दिल्ली से तो संदीप शर्मा राजस्थान रॉयल्स की शान बने हैं.

Leave a Comment