एक ओर जहां लोग पैसा कमाने के लिए रोजाना संघर्ष करते हैं, वहीं दूसरी ओर एक खिलाड़ी ऐसा भी है जो 6 महीने आराम करता है और 6 महीने क्रिकेट खेलता है. इन 6 महीने में वो करोड़ों रुपये कमा लेता है.बात हो रही है हेनरिक क्लासेन की जो इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं और वो सिर्फ और सिर्फ टी20 लीग ही खेलते हैं. बात हो रही है हेनरिक क्लासेन की जो आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हैं और उन्होंने इस सीजन कमाल ही किया हुआ है. दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने सबसे ज्यादा 495 रन बना लिये हैं और वो ऑरेंज कैप की रेस में टॉप पर हैं. आइए आपको बताते हैं हेनरिक क्लासेन कौन-कौन सी लीग खेलते हैं और उन्हें कितना पैसा मिलता है?
हेनरिक क्लासेन को किस लीग्स से कितना पैसा मिलता है?
हेनरिक क्लासेन आईपीएल के अलावा SA20, मेजर लीग क्रिकेट और द हंड्रेड में हिस्सा लेते हैं. आईपीएल 2 महीने तक चलता है और बाकी लीग्स एक महीने से ज्यादा नहीं होती हैं. क्लासेन इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह चुके हैं और ऐसे में अब वो 5 से 6 महीने लीग्स खेलते हैं और उसके बाद 6 महीने वो परिवार के साथ समय बिताते हैं. आइए अब आपको बताते हैं कि हेनरिक क्लासेन को किस लीग से कितना पैसा मिलता है.
हेनरिक क्लासेन की आईपीएल सैलरी 23 करोड़ रुपये है. सनराइजर्स हैदराबाद ने इस खिलाड़ी को 2024 में 5.25 करोड़ में खरीदा और जब 2025 में रिटेंशन की बारी आई तो हैदराबाद ने उन्हें 23 करोड़ रुपये में रिटेन किया. आईपीएल 2026 के लिए भी हैदराबाद ने उन्हें 23 करोड़ रुपये दिए. SA20 में डरबन सुपरजाइंट्स के लिए खेलने वाले क्लासेन को 2 करोड़ रुपये मिलते हैं. मेजर लीग क्रिकेट में सिएटर ऑर्कास के लिए खेलने वाले क्लासेन को 1.46 करोड़ रुपये मिलते हैं. द हंड्रेड में उनकी सैलरी 2 करोड़ के आसपास है. साफ है हेनरिक क्लासेन आसानी से 27 करोड़ से ज्यादा रुपये सिर्फ लीग्स में खेलकर कमा लेते हैं.
हेनरिक क्लासेन की कमाल फॉर्म
हेनरिक क्लासेन की आईपीएल 2026 में कमाल फॉर्म रही है. ये खिलाड़ी पहले मैच में आरसीबी के खिलाफ 22 गेंदों में 31 रन बना सका लेकिन इसके बाद क्लासेन ने केकेआर के खिलाफ 52, लखनऊ के खिलाफ 62 रनों की पारी खेली. पंजाब के खिलाफ 39 और राजस्थान के खिलाफ 40 रनों की पारी खेलने के बाद चेन्नई के खिलाफ उन्होंने फिर 59 रनों की बेहतरीन इनिंग खेली. दिल्ली के खिलाफ इस खिलाड़ी ने महज 13 गेंदों में नाबाद 37 रन बनाए. राजस्थान के खिलाफ उन्होंने 29 और मुंबई के खिलाफ नाबाद 65 रन बनाए. केकेआर के खिलाफ ये खिलाड़ी 11 रन पर आउट हुए और पंजाब के खिलाफ उन्होंने 69 रन बनाकर टीम को मैच जिताया.