IPL 2026 में खेलने वाले ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी नहीं जाएंगे पाकिस्तान, PCB को लगा बड़ा झटका

Australian players will not leave IPL for Pakistan ODIs: पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज 30 मई से शुरू होने वाली है और इस सीरीज से पहले सबसे बड़ा सवाल था कि क्या आईपीएल में खेल रहे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी ये टूर्नामेंट छोड़कर पाकिस्तान जाएंगे? अब इस सवाल का जवाब मिल गया है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने साफ-साफ कह दिया है कि जो ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी आईपीएल में खेल रहे हैं वो पाकिस्तान नहीं जाएंगे. उन्हें आईपीएल में अपने कॉन्ट्रैक्ट के तहत खेलने की पूरी छूट होगी. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया का ये फैसला पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के लिए बड़े झटके की तरह है. क्योंकि अब ऑस्ट्रेलिया अपने युवा खिलाड़ियों को पाकिस्तान मे खेलने के लिए भेजेगा.

आईपीएल में खेल रहे हैं ऑस्ट्रेलिया के बड़े खिलाड़ी

आईपीएल में ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेल रहे हैं. जॉश हेजलवुड आरसीबी की ओर से खेल रहे हैं. मिचेल स्टार्क दिल्ली कैपिटल्स टीम का हिस्सा हैं. युवा खिलाड़ियों में कूपर कॉनली पंजाब किंग्स की टीम का हिस्सा हैं. इनके अलावा जॉश इंग्लिस और मिचेल मार्श लखनऊ सुपरजायंट्स के लिए खेल रहे हैं. ऑस्ट्रेलिया के 6 बड़े खिलाड़ी तो आईपीएल खेल रहे हैं, ऐसे में जाहिर तौर पर पाकिस्तान दौरे पर ऑस्ट्रेलिया अपनी बी टीम ही भेजने वाला है. बता दें आईपीएल में खेलने के बाद क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया अपने अहम खिलाड़ियों को रिकवरी का मौका देना चाहता है, इस वजह से ये फैसला लिया गया है.

पाकिस्तान-ऑस्ट्रेलिया वनडे सीरीज

पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज का पहला मुकाबला 30 मई को रावलपिंडी में खेला जाएगा. दूसरा मुकाबला 2 जून को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में होगा. तीसरा वनडे भी लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में 4 जून को होगा.