अक्षर पटेल ने टी20 क्रिकेट में इतिहास रच दिया है. वो 3000 रन और 300 विकेट का डबल पूरा करने वाले पहले भारतीय क्रिकेटर बन गए हैं. ऑलराउंडर अक्षर ने न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान ये मुकाम हासिल किया.
ये मैच ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेला गया था, जहां उन्होंने फिन एलन को आउट कर अपना 300वां विकेट लिया. अक्षर अब राशिद खान, सुनील नरेन और ड्वेन ब्रावो जैसे खास अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के समूह में शामिल हो गए हैं, जिन्होंने ये डबल पूरा किया है.
लिस्ट में ये बड़े नाम भी हैं शामिल
इस लिस्ट में आंद्रे रसेल, शाकिब अल हसन, मोहम्मद नबी, शादाब खान, जेसन होल्डर, डेविड विली, इमाद वसीम, समित पटेल, डेविड वीज, रोलोफ वैन डेर मेरवे, शाहिद अफरीदी, कायरन पोलार्ड, सैम कुरेन और लियाम डॉसन भी हैं. 32 साल के टी20 फॉर्मेट में बल्ले और गेंद दोनों से लगातार अच्छा प्रदर्शन करते रहे हैं. उन्होंने 345 मैचों में 21.94 की औसत और 134.43 के स्ट्राइक रेट से 3,818 रन बनाए हैं. साथ ही उन्होंने 300 विकेट भी लिए हैं. उनके बल्ले से नौ अर्धशतक भी निकले हैं.
मुश्किल दिन में ऐतिहासिक उपलब्धि
ये ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करने के बावजूद, ऑकलैंड में अक्षर का प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं रहा. उन्होंने तीन ओवर में 43 रन देकर एक विकेट लिया, जिससे उनकी इकॉनमी रेट 14.33 रही. उनका एकमात्र विकेट फिन एलन का था, जिन्होंने 17 गेंदों पर 31 रन बनाए थे और अभिषेक शर्मा ने उन्हें डीप एक्स्ट्रा कवर पर लपका. बल्ले से भी अक्षर कोई खास कमाल नहीं दिखा पाए. भारत की बल्लेबाजी के दौरान वह सिर्फ नौ गेंदों पर सात रन बनाकर मिशेल सेंटनर की गेंद पर कैच आउट हो गए. ये भारत की बढ़ती मुश्किलों में एक और इजाफा था.
न्यूजीलैंड ने दी करारी शिकस्त
भारत को न्यूजीलैंड के 259 रन के विशाल स्कोर का पीछा करने में 87 रन से हार मिली. ग्लेन फिलिप्स ने न्यूजीलैंड के लिए शानदार बल्लेबाजी की, उन्होंने 49 गेंदों में 10 छक्कों की मदद से 107 रन बनाए. माइकल ब्रेसवेल ने भी 25 गेंदों में 65 रन की तूफानी पारी खेली. दोनों ने मिलकर 41 गेंदों में 115 रन जोड़े, जिससे न्यूजीलैंड 250 रन के पार पहुंच गया.
भारत की खराब शुरुआत
जवाब में, भारत की शुरुआत खराब रही. जैकब डफी ने पहले ही ओवर में संजू सैमसन और ईशान किशन को आउट कर दिया. अभिषेक शर्मा ने 27 रन, नमन धीर ने 28 रन और तिलक वर्मा ने 35 रन बनाए. हालांकि, टीम इस खराब शुरुआत से उबर नहीं पाई और 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 172 रन ही बना सकी. इस हार से भारत का सीरीज में क्लीन स्वीप करने का सपना टूट गया, हालांकि वे पांच मैचों की सीरीज में अभी भी 3 1 से आगे हैं, क्योंकि उन्होंने पहले तीन मैच जीते थे.