भारतीय टीम को न्यूजीलैंड के खिलाफ चौथे टी20 मैच में करारी हार का सामना करना पड़ा है। ऑकलैंड में खेले गए मुकाबले में न्यूजीलैंड ने सीरीज में पहली जीत दर्ज करते हुए भारत को 87 रनों से हराया, जोकि टी20 इंटरनेशनल में रनों के लिहाज से भारत की दूसरी सबसे बड़ी हार है।
न्यूजीलैंड ने शुक्रवार को भारत के खिलाफ 259 रनों का विशाल स्कोर बनाय, जोकि टी20 इंटरनेशनल में भारत के खिलाफ किसी भी टीम का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। इसके बाद भारतीय बल्लेबाज उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके और टीम को टी20 इंटरनेशनल में अपनी दूसरी सबसे बड़ी हार का सामना करना पड़ा।
भारतीय टीम की टी20 इंटरनेशनल में सबसे बड़ी हार
रनों के लिहाज से भारत की सबसे बड़ी हार इंग्लैंड के खिलाफ हुई थी। 2026 में नॉटिंघम में भारतीय टीम को 125 रनों से हार का सामना करना पड़ा था। इंग्लैंड ने इस मैच में 7 विकेट खोकर 201 रन बनाए थे, इसके जवाब में भारतीय टीम 11.4 ओवर में 76 रन पर ही ऑलआउट हो गई। इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर भारत-न्यूजीलैंड के बीच खेला गया चौथा मैच आ गया है, जिसमें भारतीय टीम को 87 रनों से करारी शिकस्त मिली। 260 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारतीय टीम 9 विकेट खोकर 172 रन ही बना सकी। 2019 में न्यूजीलैंड के खिलाफ ही टीम को 80 रनों से हार मिली थी, जोकि रनों के लिहाज से तीसरी सबसे बड़ी हार है। वहीं साउथ अफ्रीका के खिलाफ 2026 में अहमदाबाद में 76 रनों से मात मिली थी।
ग्लेन फिलिप्स का धमाकेदार शतक
न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही आक्रामक तेवर अपनाए और भारतीय गेंदबाजों को कोई राहत नहीं दी। तीसरे टी-20 में भारतीय बल्लेबाजों ने भी इसी अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए पांच मैचों की सीरीज में 3-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली थी। फिलिप्स ने 49 गेंदों पर 107 रन की शतकीय पारी खेली, जबकि ब्रेसवेल ने महज 25 गेंदों पर 65 रन बनाये दिए। दोनों ने पांचवें विकेट के लिए केवल 41 गेंदों में 115 रन की साझेदारी कर भारतीय गेंदबाजी की कलई खोल दी।
टिम सीफर्ट और डेरिल मिचेल को तेज गेंदबाज मयंक यादव ने पवेलियन भेजकर न्यूजीलैंड को शुरुआती झटके दिए। इसके बाद फिलिप्स और एलन ने तीसरे विकेट के लिए 59 रन जोड़कर पारी को संभाला। एलन और बेवन जैकब्स के जल्दी-जल्दी आउट होने से न्यूजीलैंड की रफ्तार कुछ धीमी पड़ रही थी लेकिन फिलिप्स और ब्रेसवेल ने यहां से पारी का रूख बदल दिया।
फिलिप्स ने प्रिंस यादव के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए एक ओवर में छक्का और तीन चौके लगाए। इसके बाद उन्होंने नीतिश कुमार रेड्डी के खिलाफ भी आक्रामक रूख अपनाया। उन्होंने 31 गेंदों में अर्धशतक पूरा करने के बाद 16वें ओवर में रेड्डी की गेंदों पर एक चौका और चार छक्के जड़कर 32 रन बटोरे। ब्रेसवेल भी दूसरे छोर पर भारतीय गेंदबाजों पर कहर बनकर टूटे। उन्होंने बाएं हाथ के स्पिनर अक्षर पटेल के एक ओवर में लगातार तीन चौके और एक छक्का जड़ दिया। ब्रेसवेल ने महज 18 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।