ENG vs PAK Lord’s Test: लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच में पाकिस्तान की मुश्किलें और बढ़ गई हैं. पहली पारी में मिली बड़ी बढ़त के चलते इंग्लैंड की टीम बोर्ड पर एक बड़ा टारगेट सेट कर चुकी है.
उसकी लीड 357 रनों की हो गई है और अभी भी उसके पास 3 विकेट बाकी हैं. ऐसे में खेल का चौथा दिन काफी रोमांचक होगा. लेकिन इससे पहले पाकिस्तान को एक बड़ा झटका लगा है. टीम के अनुभवी ओपनर इमाम-उल-हक बाईं पिंडली में खिंचाव के कारण मुकाबले से लगभग बाहर हो गए हैं.
इमाम-उल-हक की चोट कितनी गंभीर?
इमाम-उल-हक पहले दिन के आखिरी सेशन में काफी परेशानी में नजर आए थे, जिसके बाद उनकी जगह सलमान अली आगा ने बतौर सब्स्टीट्यूट फील्डिंग की. उन्हें यह चोट हेडिंग्ले में खेले गए पहले टेस्ट के दौरान लगी थी, जहां 42 रनों की पारी खेलते समय उनकी पिंडली पर पट्टी बांधनी पड़ी थी. लॉर्ड्स में मैच के पहले दिन स्टंप्स के बाद जब उनका स्कैन कराया गया, तब ग्रेड-1 टियर की पुष्टि हुई.
स्कैन रिपोर्ट आने के बाद मेडिकल टीम ने उन्हें कम से कम 10 दिनों के आराम की सलाह दी है. इसके चलते पाकिस्तान को यह टेस्ट मैच 11 के बजाए 10 खिलाड़ियों के साथ ही पूरा करना होगा. लॉर्ड्स में पहली पारी के दौरान जब पाकिस्तान की पूरी टीम 110 रनों पर सिमट गई, तब भी इमाम बल्लेबाजी करने नहीं उतरे थे. पाकिस्तान को चोटिल खिलाड़ी की जगह कन्कशन सब्स्टीट्यूट भी नहीं मिलेगा, क्योंकि इस नियम के तहत सिर, गर्दन या आंख पर चोट लगने पर ही दूसरे खिलाड़ी को मैदान पर उतारा जाता है.
पाकिस्तान पर सीरीज हार का साया
तीसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने अपनी कुल बढ़त को 357 रनों तक पहुंचा दिया है. ऐसे में दूसरी पारी में इमाम की गैरमौजूदगी पाकिस्तान के लिए बहुत बड़ा झटका साबित होगी. अगर पाकिस्तान यह मुकाबला गंवा देता है, तो पिछले 10 विदेशी टेस्ट मैचों में यह उसकी 9वीं हार होगी. इसके साथ ही इंग्लैंड में 2020 के बाद यह पाकिस्तान की लगातार दूसरी टेस्ट सीरीज हार बन जाएगी. वहीं, सीरीज का तीसरा और आखिरी टेस्ट मैच 9 सितंबर से बर्मिंघम में शुरू होगा, तब तक इमाम के चोट से पूरी तरह उबरने की उम्मीद जताई जा रही है.