जोहान्सबर्ग : दक्षिण अफ्रीका के मुख्य तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा अपनी दाहिनी हैमस्ट्रिंग में ‘ग्रेड-थ्री टियर’ (गंभीर चोट) के कारण ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज से बाहर हो गए हैं।
चोट लगने के बाद 31 वर्षीय रबाडा के दो महीने तक मैदान से बाहर रहने की उम्मीद है, जिससे उनके विंटर कंडीशनिंग प्रोग्राम में भी रुकावट आई है। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व तेज गेंदबाज एलन डोनाल्ड, जो रबाडा की घरेलू टीम ‘लायंस’ के बॉलिंग कोच हैं, ने कहा कि मेडिकल जांच के बाद उन्हें इस हाई-प्रोफाइल सीरीज से पूरी तरह बाहर कर दिया गया है। इससे पहले उम्मीद थी कि वे 10 सितंबर से बोलैंड के खिलाफ शुरू होने वाले शुरुआती चार-दिवसीय घरेलू मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे।
रविवार को ‘न्यूज़24’ ने डोनाल्ड के हवाले से कहा, ‘वे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सभी टेस्ट मैचों से भी बाहर रहेंगे।’ दक्षिण अफ्रीका को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ तीन मैचों की टेस्ट सीरीज की मेजबानी करनी है, जिसकी शुरुआत 9 अक्टूबर को डरबन में होगी। इसके बाद गकेबेरहा और केप टाउन में मैच होंगे जो क्रमशः 18 और 27 अक्टूबर से शुरू होंगे।
टेस्ट मैचों से पहले तीन मैचों की वनडे सीरीज होगी जिसकी शुरुआत 24 सितंबर को डरबन के किंग्समीड में होगी। लेकिन रबाडा के न होने से दक्षिण अफ्रीका की बॉलिंग लाइन-अप में एक बड़ी कमी आ गई है। दाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने 73 टेस्ट मैचों में 340 विकेट लिए हैं और लॉर्ड्स में 2025 वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में ऑस्ट्रेलिया पर साउथ अफ्रीका की जीत में अहम भूमिका निभाई थी, जहां उन्होंने मैच में 9-110 के आंकड़े दर्ज किए थे।
ऑस्ट्रेलियाई टीम के खिलाफ रबाडा का टेस्ट रिकॉर्ड शानदार रहा है। उन्होंने 11 मैचों में 21.39 की औसत से 58 विकेट लिए हैं। प्रोटियाज टीम तेज गेंदबाज नंद्रे बर्गर की रिकवरी पर भी नजर रख रही है, जो अभी अपनी पीठ में स्ट्रेस फ्रैक्चर से उबर रहे हैं। चोटिल खिलाड़ियों की बढ़ती सूची के बावजूद प्रोटियाज की बॉलिंग डेप्थ (गेंदबाज़ी में विकल्पों की मौजूदगी) उनकी मदद कर सकती है। तेज गेंदबाज गेराल्ड कोएत्जी ने हाल ही में बांग्लादेश ए के खिलाफ दक्षिण अफ्रीका ए के लिए 4-60 के आंकड़े हासिल किए जबकि क्वेना माफाका और कॉर्बिन बॉश टेस्ट टीम में चुने जाने की दौड़ में बने हुए हैं; यह टीम मौजूदा वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) स्टैंडिंग में ऑस्ट्रेलिया के बाद दूसरे स्थान पर है।