BCCI ने जारी किया WPL 2027 का पूरा शेड्यूल, इस दिन से शुरू होगा महिला क्रिकेट का महासंग्राम

ई दिल्ली: महिला क्रिकेट के फैंस के लिए एक बड़ी खबर आई है। बीसीसीआई ने बुधवार को महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2027 के आयोजन को लेकर पूरा शेड्यूल जारी कर दिया है। इस बार डब्ल्यूपीएल का पांचवां सीजन अगले साल 14 जनवरी से शुरू होकर 27 फरवरी तक चलेगा।

खास बात यह है कि डब्ल्यूपीएल का यह सीजन महिला चैंपियंस ट्रॉफी के पहले एडिशन से ठीक पहले खेला जाएगा। बता दें कि इस टूर्नामेंट को हाल ही में श्रीलंका से हटाकर भारत में शिफ्ट कर दिया गया है। इसके साथ ही बीसीसीआई ने ऑक्शन और प्लेयर रिटेंशन की तारीखों का भी खुलासा कर दिया है। खिलाड़ियों की नीलामी 28 अक्टूबर को कोच्चि में होगी, जबकि टीमों को अपने खिलाड़ियों को बरकरार रखने के लिए 28 सितंबर तक का समय दिया गया है।

हालांकि बीसीसीआई ने अभी तक इस बात का खुलासा नहीं किया है कि डब्ल्यूपीएल के इस सीजन की मेजबानी किन शहरों में होगी। क्रिकेट जगत में चर्चा है कि मुंबई का ब्रेबोर्न स्टेडियम और वडोदरा का कोटाम्बी स्टेडियम इस टूर्नामेंट की मेजबानी कर सकते हैं। दिलचस्प बात यह है कि इन्हीं दोनों मैदानों पर महिला चैंपियंस ट्रॉफी के मुकाबले भी होने हैं, जिससे दोनों टूर्नामेंट के बीच का अंतराल बेहद कम रहने वाला है। अगर वाराणसी का नया क्रिकेट स्टेडियम समय पर तैयार हो जाता है, तो इसे भी तीसरे वेन्यू के तौर पर शामिल किया जा सकता है। पिछले सीजन में नवी मुंबई और बड़ौदा में मुकाबले खेले गए थे।

बीसीसीआई ने जताई उम्मीद

बीसीसीआई ने अपने बयान में कहा कि महिला क्रिकेट की सबसे बड़ी टी20 लीग के तौर पर टाटा डब्ल्यूपीएल ने इस खेल को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है। बोर्ड के मुताबिक, यह लीग भारत और दुनियाभर की बड़ी खिलाड़ियों को एक मंच पर लाने के साथ ही नई प्रतिभाओं को भी बड़े स्तर पर खेलने का मौका देती है। बीसीसीआई ने यह भी बताया कि सभी पांच फ्रेंचाइजी को अपने मौजूदा खिलाड़ियों को बनाए रखने का विकल्प मिलेगा, जिसके बाद वे नए सीजन के लिए अपनी टीम तैयार करना शुरू कर सकेंगी।

अब तक का रिकॉर्ड

बात करें पिछले सीजन की तो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने डब्ल्यूपीएल 2026 का खिताब अपने नाम किया था। स्मृति मंधाना की कप्तानी में आरसीबी ने फाइनल में दिल्ली कैपिटल्स को छह विकेट से हराया था। यह आरसीबी की डब्ल्यूपीएल में दूसरी ट्रॉफी रही। लीग के पहले सीजन यानी 2023 में हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस ने खिताब जीता था। अब तक मुंबई और आरसीबी दोनों ने दो-दो बार यह ट्रॉफी अपने नाम की है, जबकि दिल्ली को हर बार फाइनल में हार का सामना करना पड़ा है।

Leave a Comment