Asian Games 2026: पिछले मैच में भारत के खिलाफ खेला पिता, अब बेटे ने किया डेब्यू, एशियन गेम्स में दिखा खास नजारा

Hassan Eisakhil Debut: एशियन गेम्स 2026 में पुरुष क्रिकेट इवेंट का रोमांचक आगाज हो चुका है. पहले मुकाबले में अफगानिस्तान ने मेजबान जापान को एकतरफा अंदाज में 48 रनों से शिकस्त देकर टूर्नामेंट में पूरे दो पॉइंट्स हासिल कर लिए.

इस मैच के साथ अफगानिस्तान क्रिकेट में एक नया अध्याय भी जुड़ा, जब देश के दिग्गज ऑलराउंडर मोहम्मद नबी के बेटे हसन ईसाखिल ने इंटरनेशनल लेवल पर अपना डेब्यू किया. हालांकि, अपने डेब्यू मुकाबले में हसन कुछ खास नहीं कर सके और 10 गेंदों पर सिर्फ 3 रन बनाकर पवेलियन लौट गए.

एशियन गेम्स में दिखा खास नजारा

अफगानिस्तान ने एशियन गेम्स से पहले भारत के खिलाफ 3 मैचों की टी20 सीरीज खेली थी. उस सीरीज में मोहम्मद नबी टीम का हिस्सा थे और उन्होंने कमाल का खेल भी दिखाया था. अब उनके बेटे ने भी इंटरनेशनल क्रिकेट में कदम रख दिया है. ऐसे में आने वाले समय में ये बाप-बेटे की जोड़ी अफगानिस्तान की क्रिकेट टीम के लिए एक साथ खेलती हुई नजर आ सकती है. हालांकि, ये दोनों लीग क्रिकेट में एक-साथ खेल चुके हैं.

अफगानिस्तान ने एकतरफा अंदाज में जीता मैच

इस मैच में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की शुरुआत धीमी और संभली हुई रही. सलामी बल्लेबाज मोहम्मद अकरम ने टीम के लिए सबसे ज्यादा 34 रनों का योगदान दिया, जिसमें उन्होंने 29 गेंदों का सामना करते हुए दो चौके और दो छक्के लगाए. वहीं, कप्तान दरवेश रसूली ने 27 गेंदों में चार चौकों की मदद से 29 रनों की कप्तानी पारी खेली. लेकिन बाकी बल्लेबाजों के संघर्ष के चलते अफगानिस्तानी टीम 20 ओवरों में 6 विकेट के नुकसान पर 129 रन ही बना सकी.

130 रनों के टारगेट का पीछा करने उतरी जापान की टीम शुरुआत से ही अफगानिस्तानी गेंदबाजों के सामने बेबस नजर आई. जापानी बल्लेबाजों ने लगातार विकेट गंवाए और टीम कभी भी साझेदारी नहीं बना सकी. बीच के ओवरों में कुछ समय के लिए संघर्ष दिखा, लेकिन दबाव बढ़ते ही पूरी टीम 19.3 ओवरों में सिर्फ 81 रनों पर सिमट गई. इस तरह 48 रनों की जीत के साथ अफगानिस्तान ने क्वार्टर फाइनल में पहुंचने की अपनी दावेदारी मजबूत कर ली.

Leave a Comment