मैथ्यू ब्रीट्जके ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ठोका शतक, सिर्फ 14 पारियों में सभी खिलाड़ियों से आगे निकला ये खिलाड़ी

डरबन की पिच पर साउथ अफ्रीका के बल्लेबाज मैथ्यू ब्रीट्जके ने कमाल का शतक लगा दिया. ऑस्ट्रेलिया के मजबूत बॉलिंग अटैक, जिसमें मिचेल स्टार्क, जॉश हेजलवुड, नाथन एलिस और एडम जंपा जैसे गेंदबाज थे, उसके खिलाफ मैथ्यू ब्रीट्जके ने बेहतरीन बैटिंग करते हुए 106 गेंदों में 112 रन बनाए.

मैथ्यू ब्रीट्जके ने अपनी पारी में 2 छक्के और 14 चौके लगाए. उनकी इस बेहतरीन पारी के दम पर साउथ अफ्रीका ने 50 ओवर में 297 रन बनाए. मैथ्यू ब्रीट्जके ने इस शतकीय पारी के साथ एक और खास रिकॉर्ड भी अपने नाम किया. आइए आपको पहले बताते हैं कि मैथ्यू ब्रीट्जके ने कैसे लगाया शतक.

मैथ्यू ब्रीट्जके की कमाल सेंचुरी

साउथ अफ्रीका ने 8वें ओवर तक टोनी डी जोर्जी और क्विंटन डिकॉक का विकेट गंवा दिया था. इसके बाद मैथ्यू ब्रीट्जके क्रीज पर आए और उन्होंने अपने मजबूत स्ट्रोक प्ले से कंगारू गेंदबाजों का सामना किया. मैथ्यू ब्रीट्जके ने पहले टेंबा बावुमा के साथ 66 गेंदों में 54 रनों की साझेदारी की. इसके बाद मैथ्यू ब्रीट्जके ने 50 गेंदों में अपनी हाफसेंचुरी पूरी की. हालांकि इस बल्लेबाज के अलावा दूसरे साउथ अफ्रीकी बल्लेबाज दिक्कतों में नजर आए. रायन रिकल्टन 27 रन बनाकर आउट हो गए. डेविड मिलर ने तो 25 गेंदों में 9 ही रन बनाए. लेकिन इसके बाद मैथ्यू ब्रीट्जके और मार्को यानसन ने कमाल साझेदारी कर साउथ अफ्रीकी टीम को बचाया. दोनों बल्लेबाजों ने 81 गेंदों में 107 रन जोड़े. मैथ्यू ब्रीट्जके ने 100 गेंदों में शतक ठोका, उनके बल्ले से 12 चौके और 2 छक्के निकले.

मैथ्यू ब्रीट्जके ने बनाया ये रिकॉर्ड

मैथ्यू ब्रीट्जके ने अबतक वनडे में महज 14 पारियां खेली हैं और इस खिलाड़ी ने 822 रन बना दिए हैं. सिर्फ 14 वनडे पारियों के बाद 800 से ज्यादा रन बनाने वाले मैथ्यू ब्रीट्जके इकलौते खिलाड़ी हैं. उन्होंने इमाम उल हक का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 769 रन बनाए थे. मैथ्यू ब्रीट्जके बेहद कम समय में वनडे क्रिकेट में अपनी छाप छोड़ चुके हैं, उन्होंने लगभग हर जगह खुद को साबित किया है. मैथ्यू ब्रीट्जके का पाकिस्तान में 77 का औसत है. ऑस्ट्रेलिया में उनकी बैटिंग एवरेज 72.50 है. इंग्लैंड में उन्होंने 44.5 की औसत से रन बनाए. भारत में उनकी वनडे एवरेज 54.6 है और साउथ अफ्रीका में उनकी एवरेज 112 से ज्यादा है.

 

 

ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाजों का प्रदर्शन

मैथ्यू ब्रीट्जके ने तो शतक लगाया वहीं ऑस्ट्रेलिया की ओर से तेज गेंदबाज नाथन एलिस ने अपना दम दिखाया. उन्होंने 57 रन देकर 3 विकेट झटके. एडम जंपा ने 50 रन देकर 2 विकेट चटकाए. हेजलवुड को एक सफलता मिली. स्टार्क, एडवर्ड्स, कॉनली और रेनशॉ को कोई कामयाबी नही मिली.

Leave a Comment