Laureus World Sports Awards 2026 Indian Women’s Cricket Team: भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए होली के मौके पर एक बड़ी खुशखबरी आई. पिछले साल पहली बार महिला वनडे वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम को लॉरियस वर्ल्ड टीम ऑफ द ईयर 2026 अवॉर्ड के लिए नॉमिनेट किया गया है.
साल 2000 में शुरू हुए लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवॉर्ड्स में हर साल अलग-अलग कैटेगरी में बेहतरीन खेल के लिए एथलीटों को सम्मानित किया जाता है. 2026 संस्करण इन अवॉर्ड्स की 26वीं सालगिरह है. लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवार्ड्स 2026 के विनर्स का फैसला 69 मेंबर्स वाली लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स एकेडमी सीक्रेट बैलेट के जरिए करेगी. 20 अप्रैल को मैड्रिड में घोषणा की जाएगी.
लॉरियस वर्ल्ड टीम ऑफ द ईयर अवॉर्ड में व्यक्तिगत के साथ-साथ टीम स्तर के अवॉर्ड भी दिए जाते हैं. इस दौरान उन टीमों की पहचान होती है जिन्होंने साल में ग्लोबल स्पोर्टिंग स्टेज पर शानदार और इतिहास रचने वाला शानदार प्रदर्शन किया हो. भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने पिछले साल घरेलू मैदान पर अपना पहला वनडे वर्ल्ड कप टाइटल जीतकर बड़ी जीत हासिल की थी.
खराब शुरुआत के बाद जीता टाइटल
भारत ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एक नाटकीय सेमीफाइनल जीत में महिला वनडे इतिहास में सबसे बड़ा सफल रन चेज (339) बनाया. इसके बाद फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर ऐतिहासिक टाइटल जीता. साउथ अफ्रीका, ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड से लगातार तीन ग्रुप-स्टेज में हारने के बावजूद टीम इंडिया ने वापसी करते हुए ट्रॉफी उठाई. हरमनप्रीत कौर की सेना टीम ऑफ द ईयर अवॉर्ड के लिए शॉर्टलिस्ट होने वाली पहली महिला क्रिकेट टीम बनी.
भारतीय टीम की किससे टक्कर?
लॉरियस वर्ल्ड टीम ऑफ द ईयर 2026 के दूसरे नॉमिनीज में इंग्लैंड महिला फुटबॉल टीम शामिल है. इंग्लिश टीम UEFA महिला यूरोपियन चैंपियनशिप को सफलतापूर्वक डिफेंड करने वाली इतिहास की दूसरी टीम बनी. इसके अलावा फ्रांस के फुटबॉल क्लब पेरिस सेंट-जर्मेन को भी शॉर्टलिस्ट किया गया. उसने 2025 में छह ट्रॉफी जीते. इसमें पहली बार UEFA चैंपियंस लीग का खिताब भी शामिल है.
इन्हें भी किया गया है शॉर्टलिस्ट
शॉर्टलिस्ट किए गए दावेदारों में यूरोपियन राइडर कप टीम भी है, जिसने रिकॉर्ड 16वां राइडर कप टाइटल जीता. छह रेस बाकी रहते हुए 10वीं कंस्ट्रक्टर्स चैंपियनशिप जीतने वाली मैकलारेन F1 टीम भी शॉर्टलिस्ट हुई है. ओक्लाहोमा सिटी थंडर टीम भी इस लिस्ट में है. उसने अपना पहला NBA टाइटल जीतने से पहले शिकागो बुल्स के 1996-97 के रेगुलर-सीजन जीत के रिकॉर्ड की बराबरी की.
पहले ये भारतीय भी हो चुके हैं शॉर्टलिस्ट
हरमनप्रीत कौर की लीडरशिप वाली टीम का नॉमिनेशन तीसरी बार है जब इंडियन क्रिकेट को लॉरियस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवार्ड्स में दिखाया गया है. सचिन तेंदुलकर को 2020 में भारत की 2011 वनडे वर्ल्ड कप जीत के बाद उनकी विक्ट्री लैप के लिए लॉरियस स्पोर्टिंग मोमेंट अवार्ड मिला था, जबकि ऋषभ पंत को पिछले साल लॉरियस कमबैक ऑफ द ईयर अवार्ड के लिए नॉमिनेट किया गया था. रेसलर विनेश फोगाट को 2019 में लॉरियस कमबैक ऑफ द ईयर के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था. जेवलिन थ्रो के स्टार नीरज चोपड़ा को टोक्यो 2020 ओलंपिक गोल्ड जीतने के लिए लॉरियस वर्ल्ड ब्रेकथ्रू ऑफ द ईयर के लिए नॉमिनेट किया गया था.