BAN vs PAK: बांग्लादेश के सामने पाकिस्तान ने किया सरेंडर, पहले टेस्ट मैच में मिली शर्मनाक हार, 104 रन से जीते टाइगर्स

BAN vs PAK: बांग्लादेश और पाकिस्तान के बीच ढाका के शेर-ए-बांग्लादेश नेशनल स्टेडियम में पहला टेस्ट मैच खेला गया था, जिसमें मेजबानों ने मेहमानों को 104 रन से हरा दिया है। पाकिस्तान को जीत के लिए मुकाबले में 268 रन का लक्ष्य मिला था, लेकिन चौथी पारी में पांचवें दिन वह 163 रन पर सिमट गए।

चौथी पारी में बांग्लादेश (BAN vs PAK) के लंबे कद के तेज गेंदबाज नाहिद राणा ने ऐसा कहर बरपाया कि जिसका जवाब किसी भी पाकिस्तानी बल्लेबाज के पास नहीं था। हालांकि, नंबर तीन बल्लेबाज अब्दुल्ला फजल ने 66 गेंदों की संघर्षपूर्ण पारी जरूर खेली, लेकिन वह अपनी टीम को हार से नहीं बचा सके। बता दें कि, यह बांग्लादेश की पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में लगातार तीसरी जीत है।

BAN vs PAK: जीत के लिए बनाना थे 268 रन

पाकिस्तान को पहला टेस्ट मैच जीतने के लिए 268 रन बनाने थे, लेकिन उनकी पूरी पारी 163 रन पर सिमट गई और 104 रन के बड़े अंतर से मुकाबला गंवा बैठी। दूसरी पारी में पाकिस्तान का पहला विकेट पहले ही ओवर में गिर गया थ। इमाम-उल-हक 2 के व्यक्तिगत स्कोर पर तस्कीन अहमद का शिकार बने।

इसके बाद दूसरे विकेट के लिए पहली पारी के शतकवीर अजान अवैस और अब्दुल्ला फजल ने 67 गेंदों पर 54 रन की साझेदारी की, लेकिन अवैस 15 के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गए। इसके बाद निरंतर अंतराल पर पाकिस्तान (BAN vs PAK) के विकेट गिरते रहे।

हालांकि, अब्दुल्ला फजल ने 113 गेंदों पर 66 रन की बेहतरीन अर्धशतकीय पारी, जिसमें 11 चौके शामिल थे। उनके अलावा सलमान अली आगा ने 26 रन बनाए, लेकिन इस दोनों के अलावा अन्य कोई बल्लेबाज 20 का आंकड़ा भी पार नहीं कर सका।

नाहिद राणा ने बरपाया कहर

पाकिस्तान के खिलाफ बांग्लादेश की धमाकेदार जीत में लंबे कद के तेज गेंदबाज नाहिद राणा का बहुमूल्य योगदान रहा। उन्होंने 9.5 ओवर में 40 रन देकर पांच पाकिस्तानी बल्लेबाजों का शिकार किया है। मैच में नाहिद का शिकार पाक कप्तान शान मसूद, सऊद शकील, मोहम्मद रिजवान, नोमान अली और शाहीन शाह अफरीदी बने थे।

मैच (BAN vs PAK) में अनुभवी तेज गेंदबाज तस्कीन अहमद ने दो बल्लेबाजों को चलता किया तो ताइजुल इस्लाम के खाते में सफलता आईं। जबकि मेहदी हसन मिराज ने अजान अवैस का बड़ा विकेट अपने खाते में डाला। शानदार गेंदबाजी के चलते मेजबानों ने मेहमानों की पारी को सिर्फ 163 रन पर समेट दिया।

 ऐसी रही शुरुआती तीन पारियां

मैच में पाकिस्तान के कप्तान शान मसूद ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया था। बांग्लादेश ने पहली पारी में कप्तान नजमुल हुसैन शांतो (101) के शानदार शतक और मोमिनुल हक (91)-मुशफिजुर रहमान (71) की अर्धशतकीय पारियों की बदौलत 117.1 ओवर में 413 रन बनाए थे। इसके जवाब में पाकिस्तान की पहली पारी 386 रन पर सिमट गई।

पहली पारी (BAN vs PAK) में अजान अवैस ने शानदार शतक ठोका था तो अब्दुल्ला फजल (60), सलमान अली आगा (58) और मोहम्मद रिजवान (59) ने अर्धशतकीय पारियां खेली थीं। इसके बाद बांग्लादेश ने दूसरी पारी 240/9 पर घोषित कर दी, जिसमें एक बार फिर कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने शानदार 87 रन बनाए थे।

बल्ले के अलावा गेंदबाजी में पहली पारी में पाकिस्तान (BAN vs PAK) के मोहम्मद अब्बास ने पंजा खोला था तो बांग्लादेश की ओर से पहली इनिंग में मेहदी हसन मिराज ने पांच विकेट चटकाए थे। दूसरी पारी में पाकिस्तान की ओर से हसन अली और नोमान अली ने सर्वाधिक 3-3 विकेट हासिल किए थे।

Leave a Comment