WPL 2027 से पहले मुंबई इंडियंस ने बड़ा फैसला लेते हुए पूर्व ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ल्यूक विलियम्स को टीम का हेड कोच बनाया है. ल्यू विलियम्स को लीसा कीथली की जगह चुना गया है जो टीम छोड़ रही हैं.
लीसा कीथली को क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अहम पद दिया है जिसकी वजह से उन्होंने मुंबई इंडियंस का साथ छोड़ दिया. बता दें ल्यूक विलियम्स एक प्रतिष्ठित कोच हैं जिन्होंने आरसीबी को महिला प्रीमियर लीग का चैंपियन बनाया हुआ है. ल्यूक विलियम्स ने साल 2024 मे आरसीबी को उसका पहला खिताब जिताया था.
ल्यूक विलियम्स ने जिताए हैं कई खिताब
ल्यूक विलियम्स WBBL में एडिलेड स्ट्राइकर्स के कोच रह चुके हैं. उन्होंने स्ट्राइकर्स को साल 2022 और 2023 में चैंपियन बनाया. द हंड्रेड में उन्होंने सदर्न ब्रेव को दो बार फाइनल में पहुंचाया और 2023 में सदर्न ब्रेव खिताब ही जीत गई. ल्यूक विलियम्स ने मुंबई इंडियंसका कोच बनने पर खुशी जताई. उन्होंने कहा कि वो इस टीम के साथ मिलकर कुछ नया बनाने और रोमांचक क्रिकेट के लिए बिल्कुल तैयार हैं.
ल्यूक विलियम्स का करियर
ल्यूक विलियम्स भले ही बेहतरीन कोच हों लेकिन बतौर खिलाड़ी उनका करियर बेहद खराब रहा. ल्यूक ऑलराउंडर थे और वो साउथ ऑस्ट्रेलिया के लिए पांच मैच खेले. ल्यूक ने पांच मैचों मे महज 11.40 की औसत से 114 रन बनाए. ये खिलाड़ी ना शतक लगा पाया और ना ही अर्धशतक. यही नहीं ल्यूक विलियम्स ने कोई विकेट भी नहीं लिया. 28 जनवरी, 2005 को उनका करियर खत्म हो गया और उसके बाद वो कोचिंग लाइन में आ गए. आज ये खिलाड़ी महिला क्रिकेट के सबसे प्रतिष्ठित कोच में से एक है.
ल्यूक विलियम्स में दम तो है
ल्यूक विलियम्स को कोच बनाकर मुंबई इंडियंस ने बड़ा दांव खेला है. बता दें ल्यूक विलियम्स को ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और भारत में कोचिंग का अनुभव है. वो 20 सालों से कोचिंग के फील्ड में हैं. ये खिलाड़ी प्लेयर डेवलपमेंट और डेटा-बेस्ड स्ट्रैटेजी के मुताबिक क्रिकेट के मैदान पर उतरता है. मुंबई इंडियंस के साथ वो पहले भी काम कर चुके हैं. चार्लोट एडवर्ड्स के साथ उन्होंने मुंबई इंडियंस में काम किया है.