‘अच्छा खिलाड़ी था बेचारा,’ पाकिस्तानी क्रिकेटर के निधन की उड़ी खबर, खेले हैं 14 इंटरनेशनल गेम

पाकिस्तान के विकेटकीपर-बल्लेबाज आजम खान अचानक सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गए लेकिन वजह मैदान पर उनका प्रदर्शन नहीं बल्कि मौत की खबर है। सोशल मीडिया पर आजम खान के निधन की जानकारी आई, पाकिस्तान के कुछ यूट्यूब चैनलों पर यह बात सामने आई।

इस तरह की खबर देखकर जहां उनके फैंस परेशान हो सकते थे, वहीं आजम खान खुद इसे लेकर सामने आ गए। उन्होंने पूरे मामले को बिल्कुल अलग अंदाज में लिया। उन्होंने अपनी मौत की अफवाह पर सफाई देने के बजाय उसी खबर का मजाक बना दिया।

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में आजम खान अपने दोस्तों के साथ बैठे दिखाई दे रहे हैं। उनके सामने उनकी मौत से जुड़ी फर्जी खबर मौजूद है और वह उसे देखकर हंस रहे हैं। आजम ने इस फर्जी रिपोर्ट पर तंज कसते हुए मजाक में कहा, “अच्छा खिलाड़ी था बेचारा। एक दिन पाकिस्तान के लिए खेलने ही वाला था।”

उनका यह अंदाज सोशल मीडिया यूजर्स को भी काफी पसंद आया। दरअसल, आजम ने बिना किसी गंभीर बयान या लंबी सफाई के अपने ही अंदाज में इस अफवाह की पोल खोल दी। उनके सामने आने के बाद फैंस ने भी राहत की सांस ली लेकिन अहम बात यही थी कि कैसे लोग सोशल मीडिया पर कुछ फर्जी बातें बताकर निकल लेते हैं।

आजम खान ने पाकिस्तान के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम 2021 में रखा था। दाएं हाथ के विकेटकीपर-बल्लेबाज को पाकिस्तान ने मुख्य रूप से टी20 क्रिकेट में आजमाया है। उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ अपना टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू किया और बाद में न्यूजीलैंड, अफगानिस्तान, आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ भी पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व किया।

 

 

वह 2024 टी20 विश्व कप में पाकिस्तान की टीम का हिस्सा थे और अमेरिका के खिलाफ मुकाबले में भी खेले। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनका करियर अभी तक उम्मीद के मुताबिक बड़ा नहीं रहा है, वह 14 मैचों में सिर्फ 88 रन बना पाए हैं। घरेलू और फ्रेंचाइजी टी20 क्रिकेट में वह लगातार नजर आते रहे हैं। पाकिस्तान सुपर लीग में वह कई टीमों का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

Leave a Comment