सनराइजर्स हैदराबाद से हार के बाद रियान पराग ने गिनवा दिए कितने कारण, सुधार कर पाएगा Rajasthan Royals?

हैदराबाद: राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के कप्तान रियान पराग (Riyan Parag) ने कहा कि उनकी टीम की इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League) में सनराइजर्स हैदराबाद (Sunrisers Hyderabad) के हाथों सत्र की पहली हार के लिए कई कारण जिम्मेदार रहे जिनमें उनके विस्फोटक बल्लेबाजों का गेंदों की गति को समझने में नाकाम रहना भी शामिल है.

गेंदबाजी में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद यशस्वी जायसवाल (Yashasvi Jaiswal), वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) और ध्रुव जुरेल (Dhruv Jurel) पहले ओवर में ही पवेलियन लौट गए जिससे रॉयल्स की टीम को 57 रन से हार का सामना करना पड़ा.

पराग ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘मुझे लगता है कि हमारी हार के लिए कई कारण जिम्मेदार रहे. गेंद हाथ से निकलने के बाद जिस गति से आ रही थी उसे देखकर हम थोड़े हैरान रह गए थे.’

उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि वैभव को गेंद के थोड़ा तेज गति से आने की उम्मीद थी लेकिन वह रुककर आई. ध्रुव (Dhruv Jurel) के साथ भी ऐसा ही हुआ, गेंद अंदर की ओर मुड़ी. जायसवाल 10 में से नौ बार ऐसा शॉट मारता है लेकिन इस बार गेंद रुककर उनके पास पहुंची थी.’

पराग ने कहा, ‘मुझे बहुत ही फुललेंथ गेंद मिली और मैं उसे हिट नहीं कर पाया. मैं यह नहीं कहूंगा कि हम बदकिस्मत थे, लेकिन कई ऐसे कारण थे जिससे हम अपने शॉट सही तरह से नहीं लगा पाए.’ इस सीजन में राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) की कप्तानी संभालने वाले पराग ने कहा कि उनके गेंदबाज भी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए.

उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि हमने अच्छी शुरुआत की थी लेकिन फिर बीच के ओवरों में अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए. मुझे लगता है कि हम बेहतर विकल्प ढूंढ सकते थे, विकेट का थोड़ा और इस्तेमाल कर सकते थे, धीमी गेंदों का अधिक उपयोग कर सकते थे, शायद धीमी बाउंसर, वाइड यॉर्कर या जो भी हो.’

पराग ने सूर्यवंशी की जमकर प्रशंसा करते हुए कहा, ‘दस साल बाद वह मेरी उम्र का हो जाएगा, इसलिए मुझे नहीं पता कि इतनी दूर की कल्पना कैसे की जाए, लेकिन अभी के लिए मुझे उम्मीद है कि वह वास्तव में अच्छी मानसिक स्थिति में होगा. उम्मीद है कि वह बहुत जल्द भारत के लिए खेलेगा.’

मैच की बात करें ईशान किशन की पारी के दम पर सनराइजर्स हैदराबाद ने 6 विकेट पर 216 रन बनाए. ईशान ने 44 गेंद पर 8 चौके और 6 छक्कों की मदद से 91 रन की पारी खेली. इसके जवाब में राजस्थान रॉयल्स की टीम ने पहले ही ओवर में तीन विकेट खो दिए. प्रफुल्ल हिंगे ने पहली ही गेंद पर वैभव सूर्यवंशी को आउट किया. इसके बाद ध्रुव जुरेल और लहुआन-ड्रे प्रिटोरियस को भी खाता खोले बिना आउट किया. राजस्थान ने 9 रन पर पांच विकेट खो दिए थे. इसके बाद रविंद्र जडेजा और डोनोवन फेरारिया ने मिलकर 118 रन जोड़कर राजस्थान रॉयल्स को सबसे कम स्कोर पर आउट होने से बचा लिया.

Leave a Comment