वैभव सूर्यवंशी जैसा बनना बेवकूफी…RCB के स्टार खिलाड़ी ने क्यों कहा ऐसा?

Devdutt Padikkal on Vaibhav Sooryavanshi: आईपीएल 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने अपनी तूफानी बैटिंग से सभी का दिल जीत लिया है. इस खिलाड़ी ने टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा 53 छक्के लगा दिए हैं. इस बीच सूर्यवंशी पर आरसीबी के बल्लेबाज देवदत्त पडिक्कल ने बड़ा कमेंट करते हुए कहा है कि उनकी नकल करना बेवकूफी होगी. पडिक्कल ने जियो हॉटस्टार के साथ इंटरव्यू में सूर्यवंशी को बेहद ही कमाल खिलाड़ी बताया और साथ ही दूसरे क्रिकेटरों को चेतावनी दी कि अगर उनके जैसा बनने की कोशिश की तो ये गलत होगा क्योंकि सूर्यवंशी अलग ही लेवल के खिलाड़ी हैं.

पडिक्कल ने वैभव सूर्यवंशी के लिए क्या कहा

वैभव सूर्यवंशी पर देवदत्त पडिक्कल ने बड़ा बयान देते हुए कहा, ‘जो वैभव सूर्यवंशी कर रहे हैं वो सच में बेहद अलग है. इस उम्र में इस तरह की ताकत और विस्फोटक होना एक खास चीज़ है. अगर कोई उन्हें कॉपी करेगा तो ये बेवकूफी होगी. वो ऐसा टैलेंट हैं जो हर जगह देखने को नहीं मिलता.’

IPL में बल्ले से आग लगा रहे हैं सूर्यवंशी

वैभव सूर्यवंशी आईपीएल में बल्ले से आग लगा रहे हैं. ये खिलाड़ी 13 मैचों में 44.53 की औसत से 579 रन बना चुका है जिसमें उनका स्ट्राइक रेट 236 से ज्यादा का है. सूर्यवंशी के बल्ले से एक शतक और 3 अर्धशतक निकले हैं. सूर्यवंशी इस सीजन 53 छक्के और 50 चौके लगा चुके हैं. सूर्यवंशी ऑरेंज कैप की रेस में बने हुए हैं. उनसे आगे शुभमन गिल और साई सुदर्शन हैं. जिन्होंने 600 से ज्यादा रन बना लिए हैं. वैसे वैभव सूर्यवंशी का बड़ा लक्ष्य फिलहाल राजस्थान रॉयल्स को किसी तरह प्लेऑफ में पहुंचाना है जिसके लिए इस टीम को अपना आखिरी लीग मैच हर हाल में जीतना होगा.

राजस्थान रॉयल्स के लिए करो या मरो की जंग

राजस्थान रॉयल्स के लिए अगला मैच करो या मरो का है. इस टीम को मुंबई इंडियंस से 24 मई को भिड़ना है. ये मैच वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाएगा. इससे पहले इन दोनों टीमों के बीच 7 अप्रैल को हुआ था जिसमें राजस्थान रॉयल्स ने 27 रनों से जीत दर्ज की थी. ये मैच 11-11 ओवर का हुआ था और पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने 150 रन बनाए थे. जवाब में मुंबई की टीम 123 रन ही बना सकी थी. इस मैच में वैभव सूर्यवंशी ने 14 मैचों में 39 रन बनाए थे और यशस्वी जायसवाल ने सबसे ज्यादा नाबाद 77 रन बनाए थे.