नई दिल्ली : महिला प्रीमियर लीग (WPL) 2027 की खिलाड़ियों की नीलामी 28 अक्टूबर 2026 को कोच्चि में आयोजित होगी। इस ऑक्शन में कुल 146 खिलाड़ी अपनी किस्मत आजमाएंगी, जबकि पांच फ्रेंचाइजी के पास केवल 27 खाली स्थान हैं।
इनमें भारतीय खिलाड़ियों के लिए 20 और विदेशी खिलाड़ियों के लिए सात स्लॉट उपलब्ध हैं। नीलामी में स्नेह राणा, जी कमलिनी, सोफी मोलिन्यू और चमारी अटापट्टू जैसी प्रमुख खिलाड़ियों पर नजरें रहेंगी।
119 भारतीय और 27 विदेशी खिलाड़ी शामिल
नीलामी के लिए चयनित 146 खिलाड़ियों में 119 भारतीय हैं। इनमें 22 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेल चुकी और 97 अनकैप्ड खिलाड़ी शामिल हैं। वहीं 27 विदेशी खिलाड़ियों में एसोसिएट देशों की छह खिलाड़ी भी हैं। इंग्लैंड की सोफिया डंकली और ऑस्ट्रेलिया की सोफी मोलिन्यू ने सबसे अधिक 50 लाख रुपए के बेस प्राइस पर अपना नाम दर्ज कराया है। जी कमलिनी, किरण नवगिरे, हीथर ग्राहम और जेस जोनासन का बेस प्राइस 40 लाख रुपए है। वहीं स्नेह राणा और चमारी अटापट्टू सहित 30 खिलाड़ियों ने 30 लाख रुपए की श्रेणी में रजिस्ट्रेशन कराया है।
यूपी वॉरियर्स के पास सबसे बड़ा पर्स
यूपी वॉरियर्स नीलामी में 3.75 करोड़ रुपए के सबसे बड़े उपलब्ध पर्स के साथ उतरेगी। टीम के पास आठ खाली स्लॉट हैं। फ्रेंचाइजी ने नौ खिलाड़ियों को रिलीज किया है। नीलामी 28 अक्टूबर को भारतीय समयानुसार शाम 5:30 बजे शुरू होगी। सभी फ्रेंचाइजी आगामी सीजन के लिए अपनी टीम मजबूत करने की कोशिश करेंगी।