Video: श्रेयस अय्यर ने सिर्फ 10 गेंदों मे मारा अर्धशतक, लगातार 7 छक्के मारे

आईपीएल 2026 में पंजाब की अगुवाई कर रहे श्रेयस अय्यर का बल्ला इंडियन प्रीमियर लीग में जमकर रन उगल रहा है. इस बीच श्रेयस अय्यर ने कुछ ऐसा कर दिखाया है जो सच में अविश्वसनीय है. श्रेयस अय्यर ने एक मैच में जाकर महज 10 गेंदों में अर्धशतक ठोक दिया. उन्होंने 9 छक्कों की मदद से अपना अर्धशतक पूरा किया. अय्यर ने 7 छक्के लगातार मारे और उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. दरअसल अय्यर ने ये तूफानी पारी केविन पीटरसन के शो द स्विच में खेली. इस कार्यक्रम में केविन पीटरसन अलग-अलग खिलाड़ियों को बुलाते हैं और फिर उन्हें खास टास्क दिया जाता है. अय्यर को 50 गेंदों में 100 रन बनाने का टार्गेट मिला लेकिन इस खिलाड़ी ने 10 गेंदों में ही पचास रन ठोक दिए.

श्रेयस अय्यर का आईपीएल 2026 में प्रदर्शन

श्रेयस अय्यर ने आईपीएल 2026 में शानदार प्रदर्शन किया है. इस खिलाड़ी ने 9 पारियों में 47 से ज्यादा की औसत से 333 रन बनाए हैं. अय्यर ने इस सीजन चार अर्धशतक जमा दिए हैं और उनका स्ट्राइक रेट 164 से ज्यादा का है. अय्यर ने अबतक 22 छक्के और 22 चौके लगाए हैं. हालांकि पिछले तीन मैचों में अय्यर की टीम का खराब प्रदर्शन रहा है. पंजाब ने पिछले तीन मैच गंवा दिए है, जिसमें अय्यर का बल्ला भी नहीं चला है. लगातार तीन हार के बाद अब उनकी टीम पंजाब अंक तालिका में चौथे नंबर पर खिसक गई है. अब दिल्ली के खिलाफ होने वाले मैच में पंजाब को हार का सिलसिला तोड़ना होगा नहीं तो उसका प्लेऑफ में पहुंचना भी मुश्किल हो सकता है.

श्रेयस अय्यर के कप्तान बनने की चर्चा

बताया जा रहा है कि श्रेयस अय्यर जल्द भारतीय टी20 टीम के कप्तान बन सकते हैं. रिपोर्ट्स हैं कि सूर्यकुमार यादव को अब टी20 कप्तानी के पद से हटाया जा सकता है और कप्तानी के दावेदार श्रेयस अय्यर हैं. वैसे अय्यर के अलावा संजू सैमसन और ईशान किशन भी कप्तानी की रेस में बने हुए हैं. बता दें अय्यर वनडे टीम का तो हिस्सा हैं लेकिन टी20 टीम से वो काफी समय से बाहर हैं. अय्यर ने आखिरी टी20 मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2023 में खेला था.