Vaibhav Sooryavanshi: टेस्ट क्रिकेट में नहीं चलेगा वैभव सूर्यवंशी का बल्ला? इस दिग्गज ने तकनीक पर ही उठा दिए सवाल

Vaibhav Sooryavanshi: आईपीएल में अपनी तूफानी बल्लेबाजी से सनसनी मचाने वाले और भारत के सबसे युवा इंटरनेशनल डेब्यूटांट बनने वाले 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के टेस्ट भविष्य को लेकर क्रिकेट जगत में बहस छिड़ गई है.

इंग्लैंड के पूर्व स्पिनर मोंटी पनेसर ने जहां सूर्यवंशी की तकनीक पर सवाल खड़े करते हुए कहा है कि वो टेस्ट फॉर्मेट में सफल नहीं हो पाएंगे, वहीं ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क ने उनका जोरदार समर्थन किया है.

पनेसर के दावे पर माइकल क्लार्क का पलटवार

बियॉन्ड23 क्रिकेट पॉडकास्ट पर पनेसर ने वैभव सूर्यवंशी पर बात करते हुए कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि सूर्यवंशी टेस्ट क्रिकेट में ढल पाएंगे. हैरी ब्रूक ही इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं जो अभी टेस्ट और टी20 दोनों में टॉप 10 में हैं. लेकिन मुझे नहीं लगता कि सूर्यवंशी के पास वो तकनीक है.’ हालांकि, पनेसर की राय को खारिज करते हुए माइकल क्लार्क ने युवा बल्लेबाज की क्षमता पर भरोसा जताया.

क्लार्क ने कहा, ‘मुझे लगता है कि एक खिलाड़ी तीनों फॉर्मेट में खेल सकता है. विराट कोहली और एबी डिविलियर्स ने दुनिया को यह साबित करके दिखाया है. वो शानदार टेस्ट क्रिकेटर भी थे और अविश्वसनीय टी20 बल्लेबाज भी. अगर सूर्यवंशी जैसा युवा प्रतिभा टेस्ट क्रिकेट में खुद को ढालता है, तो उसे देखना मजेदार होगा. हालांकि, सवाल यह भी रहेगा कि क्या वो खुद टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहते हैं.’

आंकड़ों में जमीन-आसमान का फर्क

जुलाई में भारत के लिए टी20 डेब्यू करने वाले बिहार के इस युवा सनसनी के आंकड़े व्हाइट बॉल और रेड बॉल में काफी अलग हैं. सूर्यवंशी ने ओवरऑल टी20 क्रिकेट में 42.82 की औसत और 216.32 के हैरान कर देने वाले स्ट्राइक रेट से 1670 रन ठोके हैं. वहीं, रेड-बॉल क्रिकेट में उन्होंने अब तक 11 मैचों की 17 पारियों में 23.47 की औसत से 399 रन बनाए हैं. सूर्यवंशी ने हाल ही में दलीप ट्रॉफी में कमाल का खेल दिखाया था.

बेंगलुरु में दलीप ट्रॉफी 2026 के सेमीफाइनल में ईस्ट जोन की ओर से खेलते हुए उन्होंने सेंट्रल जोन के खिलाफ 93 रनों की पारी खेली थी और टूर्नामेंट के इतिहास में सबसे कम उम्र में अर्धशतक जड़ने वाले खिलाड़ी बने थे. वो चैंपियन बनने वाली ईस्ट जोन टीम के उपकप्तान भी रहे थे. वहीं, अब सूर्यवंशी एशियन गेम्स 2026 के लिए भारतीय टीम के साथ जापान रवाना हो रहे हैं, जहां वो 500 से ज्यादा सदस्यों वाले पूरे भारतीय दल के सबसे युवा एथलीट होंगे.

Leave a Comment