इंडियन विमेंस टीम जापान में जबरदस्त क्रिकेट खेल रही है. पहले जापान को क्वार्टर फाइनल में रौंदा. अब बांग्लादेश को सेमीफाइनल में एकतरफा हराकर टीम फाइनल में पहुंच गई है. 20 सितंबर को निशिन में खेले गए मैच में भारतीय टीम ने बांग्लादेश को 114 रनों से हरा दिया.
टीम की इस ऐतिहासिक जीत की स्टार रहीं ओपनर शेफाली वर्मा. शेफाली ने मैच के दौरान रिकॉर्डतोड़ सेंचुरी लगाई.
शेफाली ने रचा इतिहास
22 साल की शेफाली ने 49 बॉल्स पर 100 रन बनाए. इसी के साथ वो एशियन गेम्स के विमेंस क्रिकेट इतिहास में सेंचुरी लगाने वाली पहली क्रिकेटर बन गईं. उनकी पारी में 3 चौके और 9 छक्के शामिल थे. उनकी इस धुआंधार इनिंग्स के दम पर भारतीय टीम ने 4 विकेट पर 195 रन बनाए.
वो T20I क्रिकेट में सेंचुरी लगाने वाली तीसरी इंडियन प्लेयर हैं. उनसे पहले ये कारनामा अब तक सिर्फ कप्तान हरमनप्रीत कौर और वाइस कैप्टन स्मृति मंधाना ने किया है. शेफाली ने इसी के साथ कप्तान हरमनप्रीत कौर के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. हरमन ने 2018 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 49 बॉल्स में ही सबसे तेज T20I सेंचुरी लगाई थी.
साथ ही शेफाली ने एक T20I इनिंग्स में सबसे ज्यादा छक्के के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली. बांग्लादेश के खिलाफ शेफाली ने कुल 9 छक्के लगाए. उनसे पहले, ये रिकॉर्ड वेस्टइंडीज की खतरनाक बैटर डिएंड्रा डॉटिन और ऑलराउंडर हैली मैथ्यूज के नाम था. शेफाली इस पूरे सीजन टॉप फॉर्म में हैं. 2026 में अब तक उन्होंने 800 T20I रन पूरे कर लिए हैं.
मैच के दौरान शेफाली को टीम की दोनों सीनियर्स हरमनप्रीत और स्मृति मंधाना का भी साथ मिला. हरमनप्रीत ने 33 बॉल्स में 40 रन बनाए. वहीं, स्मृति ने 19 बॉल्स में तेजतर्रार 37 रन जोड़े.
पारी के साथ आक्रमकता भी बढ़ती चली गई
ओपनिंग करने आईं शेफाली शुरू से जबरदस्त फॉर्म में थीं. उन्होंने अपनी बेहतरीन हिटिंग से शुरू में चौकों पर ज़्यादा ध्यान दिया. लेकिन, जैसे-जैसे पारी आगे बढ़ी वो उग्र होती चली गईं. महज 26 गेंदों में उन्होंने अपनी हाफ सेंचुरी पूरी की. फिर अपनी पावर हिटिंग से छक्कों की बारिश कर दी. बांग्लादेश के बॉलर्स उनके आगे बेबस नज़र आ रहे थे. 49 गेंदों में शेफाली ने छक्के के साथ ही अपनी सेंचुरी पूरी की. उनकी इस पारी के दम पर इंडियन टीम ने 4 विकेट पर 195 रन बनाए.
बैटिंग में दमदार प्रदर्शन के बाद बॉलिंग में भी भारतीय टीम का जलवा रहा. महज 15.4 ओवर्स में इंडियन टीम ने बांग्लादेश को 81 रनों पर समेट दिया. इस दौरान दीप्ति शर्मा और नंदनी शर्मा ने शानदार बॉलिंग की. दोनों को 3-3 सफलताएं मिलीं. दीप्ति काफी इकॉनोमिकल भी रहीं. उन्होंने 2.4 ओवर में 7 रन देकर 3 विकेट झटके. भारत ने ये मुकाबला 114 रनों से जीतकर फाइनल में जगह बना ली.
श्रीलंका से अब फाइनल में भिड़ेंगे
इससे पहले, श्रीलंका ने दूसरे सेमीफाइनल में पाकिस्तान को 8 विकेट से हराया. उस मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बैटिंग करते हुए 4 विकेट पर 177 रन बनाए थे. टीम की ओर से आयशा ज़फ़र और सवाल ज़ुल्फिकार ने हाफ सेंचुरी लगाई थी. हालांकि, श्रीलंका ने महज 17.5 ओवर में 2 विकेट पर 178 रन बनाकर आसानी से टारगेट चेज कर लिया. श्रीलंका की तरफ से कप्तान चमारी अटापट्टू ने 83 रनों की दमदार इनिंग्स खेली. अब 22 सितंबर को होने वाले गोल्ड-मेडल मैच में भारत का सामना श्रीलंका से होगा. वहीं, पाकिस्तान और बांग्लादेश इससे पहले, ब्रॉन्ज मेडल के मैच में भिड़ेंगे. भारत ने 2023 हांग्झू एशियन गेम्स में विमेंस क्रिकेट का गोल्ड जीता था. उनके पास आइची-नागोया में इसे बरकरार रखने का बढ़िया मौका है.