T20 World Cup 2026 में हुई फिक्सिंग? सवालों के घेरे में ये मैच, ICC ने शुरू की जांच

T20 World Cup 2026: टी20 वर्ल्ड कप 2026 भारत और श्रीलंका की मेजबानी में खेला गया था. इस टूर्नामेंट के फाइनल में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर रिकॉर्ड तीसरी बार खिताब जीता था. लेकिन इस टूर्नामेंट से जुड़ी एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है.

इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल(ICC) की एंटी-करप्शन यूनिट (ACU) ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 के एक मुकाबले की जांच शुरू कर दी है. इस मुकाबले में फिक्सिंग की आशंका जताई गई है. जिसके बार में एक डॉक्यूमेंट्री के अंदर दावा किया गया है.

T20 World Cup 2026 में हुई फिक्सिंग?

ईएसपीएन क्रिकइन्फो की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल(ICC) की एंटी-करप्शन यूनिट (ACU) ने कनाडा क्रिकेट से जुड़े भ्रष्टाचार के आरोपों की जांच शुरू कर दी है. जांच का केंद्र कनाडा और न्यूजीलैंड के बीच खेला गया मुकाबला है. खास तौर पर न्यूजीलैंड की पारी के पांचवें ओवर पर नजर टिकी हुई है. उस ओवर में कनाडा के कप्तान दिलप्रीत बाजवा ने गेंदबाजी की थी. उस ओवर में उन्होंने नो-बॉल फेंकी, लेग साइड पर वाइड डाली और कुल 15 रन लुटाए थे. इससे पहले कनाडा के पेसर जसकरण सिंह और डिलोन हेलिगर ने भी महंगे ओवर फेंके थे. वहीं, स्पिनर साद बिन जफर ने तीसरा ओवर विकेट मेडन डाला था.

यह जांच कनाडियन ब्रॉडकास्टिंग कॉर्पोरेशन (CBC) के इन्वेस्टिगेटिव प्रोग्राम the ‘Fifth Estate’ की ओर से बनाई गई डॉक्यूमेंट्री ‘Corruption, Crime and Cricket’ के ब्रॉडकास्ट के बाद शुरू हुई. डॉक्यूमेंट्री में कनाडा क्रिकेट बोर्ड के अंदरूनी मामलों, प्लेयर सिलेक्शन में दबाव और मैच से जुड़े संदिग्ध गतिविधियों के आरोप लगाए गए हैं. दूसरी जांच एक पुरानी टेलीफोन रिकॉर्डिंग से जुड़ी है, जिसमें तब के कोच खुर्रम चोहान ने दावा किया था कि क्रिकेट कनाडा के सीनियर बोर्ड सदस्य कुछ खास खिलाड़ियों को टीम में शामिल करने के लिए उन पर दबाव डाल रहे थे.

कनाडा क्रिकेट में बवाल

ICC की एंटी-करप्शन यूनिट फिलहाल इन आरोपों की जांच कर रही है और कोई आधिकारिक बयान नहीं दे रही है. ICC की एंटी-करप्शन यूनिट के इंटेरिम जनरल मैनेजर एंड्र्यू एफग्रेव ने कहा, ‘ACU को CBC की ओर से प्रसारित कार्यक्रम की जानकारी है.’ बात दें, कनाडा क्रिकेट में पिछले एक साल से प्रशासनिक अस्थिरता चल रही है. पूर्व सीईओ सलमान खान की नियुक्ति और उनके खिलाफ चोरी-धोखाधड़ी के आरोप, प्लेयर्स को सैलरी और प्राइज मनी में देरी, साथ ही बोर्ड में बदलाव जैसे मुद्दे पहले से चर्चा में हैं.

Leave a Comment