साउथ अफ्रीका ने वनडे सीरीज में ऑस्ट्रेलिया को चित कर दिया है. साउथ अफ्रीका में ही खेली जा रही इस वनडे सीरीज के शुरुआती दोनों मैच साउथ अफ्रीका ने जीत लिए. मगर इस वनडे सीरीज से ज्यादा इंतजार तो दोनों देशों के बीच होने वाली टेस्ट सीरीज का है.
इस सीरीज के लिए क्रिकेट साउथ अफ्रीका (CSA) ने अपने स्क्वॉड का ऐलान कर दिया है. साउथ अफ्रीकी सेलेक्टर्स ने एक बड़ा दांव खेला है और चोट से जूझ रहे स्टार तेज गेंदबाज कगिसो रबाडा को भी चुना है.
क्या पहला टेस्ट खेल पाएंगे रबाडा?
साउथ अफ्रीकी बोर्ड ने सोमवार 28 सितंबर को तीन टेस्ट मैच की सीरीज के लिए इस स्क्वॉड से पर्दा उठाया. सीरीज के लिए 18 खिलाड़ियों का चयन किया गया है. सबसे ज्यादा उत्सुकता कगिसो रबाडा की स्थिति को लेकर थी. कुछ ही दिनों पहले रबाडा को चोट लगी थी, जिसके चलते वो वनडे सीरीज से बाहर हो गए थे. इसने साउथ अफ्रीका की चिंता बढ़ा दी थी कि क्या वो टेस्ट सीरीज में खेल पाएंगे या नहीं. मगर इस एक फैसले ने कुछ राहत दी है.
हालांकि अभी ये साफ नहीं है कि 9 अक्टूबर से शुरू हो रही टेस्ट सीरीज में रबाडा खेल भी पाएंगे या नहीं. अगर खेलेंगे तो क्या पहले मैच से उपलब्ध रहेंगे या फिर बाद में उन्हें मौका दिया जाएगा? जानकारी के मुताबिक, इस टेस्ट सीरीज से पहले साउथ अफ्रीकी टीम एक इंट्रा-स्क्वॉड अभ्यास मैच खेलेगी और इसमें ही रबाडा की फिटनेस की जांच होगी. इसके आधार पर ही उनके खेलने पर फैसला होगा.
नॉर्खिया की वापसी से राहत
मगर सिर्फ रबाडा ही नहीं बल्कि एक और सेलेक्शन ने ध्यान खींचा है. ये है तेज गेंदबाज एनरिक नॉर्खिया. बेहद तेज रफ्तार वाले दाएं हाथ के गेंदबाज नॉर्खिया लगातार फिटनेस से जूझते रहे हैं और इसके चलते ही पिछले साढ़े 3 साल से कोई टेस्ट मैच नहीं खेल पाए हैं. मार्च 2023 के बाद वो पहली बार टेस्ट मैच खेलते हुए नजर आ सकते हैं. नॉर्खिया ने 19 टेस्ट मैच में 70 विकेट झटके हैं और अगर वो पूरी तरह फिट रहते हैं तो ऑस्ट्रेलिया पर भारी पड़ सकते हैं.
हालांकि साउथ अफ्रीका को लुंगी एनगिडी के बिना ही इस सीरीज की शुरुआत करनी पड़ेगी, जो फिलहाल चोट से उबर नहीं पाए हैं. अब अगर रबाडा भी पहले मैच में नहीं खेलते हैं तो डरबन की तेज पिच पर साउथ अफ्रीकी पेस अटैक की जिम्मेदारी नॉर्खिया के अलावा मार्को यानसन, वियान मुल्डर और कॉर्बिन बॉश संभालते हुए नजर आ सकते हैं.
टेस्ट सीरीज के लिए साउथ अफ्रीकी स्क्वॉड
टेम्बा बावुमा (कप्तान), मार्कस एकरमैन, डेविड बेडिंगहम, कॉर्बिन बॉश, जेराल्ड कोएत्ज़ी, टोनी डी ज़ॉर्ज़ी, साइमन हारमर, मार्को यानसन, केशव महाराज, एडन मार्करम, वियान मुल्डर, सेनुरान मुथुसामी, एनरिक नॉर्खिया, डेन पैटरसन, कगिसो रबाडा, रायन रिकलटन, ट्रिस्टन स्टब्स, काइल वेरेना