IPL Mini Auction: 2 करोड़ की बेस प्राइस वाले खिलाड़ियों की लिस्ट आई सामने, ये बड़े नाम शामिल

नई दिल्ली: आईपीएल 2027 के मिनी ऑक्शन से पहले खिलाड़ियों की रजिस्ट्रेशन लिस्ट में बड़े नामों की चर्चा है। दो दर्जन से ज्यादा क्रिकेटरों ने अपनी बेस प्राइस 2 करोड़ रुपये रखी है। इनमें भारतीय खिलाड़ियों की संख्या सिर्फ दो है।

बाकी नाम विदेशी क्रिकेटरों के हैं। सूची में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास ले चुके खिलाड़ी शामिल हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, कुल 30 खिलाड़ियों ने आईपीएल 2027 ऑक्शन के लिए 2 करोड़ रुपये की बेस प्राइस चुनी है। हालांकि, वेबसाइट ने इनमें से 29 खिलाड़ियों के नाम ही प्रकाशित किए हैं। भारतीय खिलाड़ियों में तेज गेंदबाज आवेश खान और दीपक चाहर शामिल हैं। बाकी खिलाड़ियों में न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के क्रिकेटरों की संख्या ज्यादा है। अफगानिस्तान, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका और वेस्टइंडीज के खिलाड़ी भी सूची में हैं। बेन स्टोक्स और डेविड वॉर्नर जैसे रिटायर हो चुके खिलाड़ियों ने भी दो करोड़ रुपये की बेस प्राइस रखी है।

IPL 2027 ऑक्शन के लिए 2 करोड़ बेस प्राइस वाले खिलाड़ी

इस सूची में बेन स्टोक्स, आवेश खान, दीपक चाहर, फजलहक फारूकी, मुजीब उर रहमान, रहमनुल्लाह गुरबाज, डेविड वॉर्नर, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, झाय रिचर्डसन, माहली बीयर्डमैन, स्पेंसर जॉनसन, जॉनी बेयरस्टो, सैम बिलिंग्स, सनी बेकर, टॉम करन, एडम मिल्ने, बेन सियर्स, बेवोन जैकब्स, डेरिल मिचेल, डेवन कॉनवे, रचिन रविंद्र, ट्रेंट बोल्ट, विल ओराउर्के, एनरिक नोर्खिया, जेराल्ड कोएट्जी, मथीशा पथिराना, वानिंदु हसरंगा, शाई होप और शिमरन हेटमायर शामिल हैं।

1220 खिलाड़ियों ने कराया रजिस्ट्रेशन

आईपीएल 2027 मिनी ऑक्शन के लिए 1220 खिलाड़ियों ने नाम दर्ज कराया है। इनमें 939 भारतीय और 281 विदेशी खिलाड़ी हैं। फ्रेंचाइजियों के पास कुल 66 खाली स्लॉट हैं, जिनमें 25 जगह विदेशी खिलाड़ियों के लिए हैं। रजिस्ट्रेशन कराने वालों में 184 कैप्ड भारतीय, 170 कैप्ड विदेशी और एसोसिएट देशों के 42 खिलाड़ी हैं। इनके अलावा पिछले सीजन में खेलने वाले 127 अनकैप्ड भारतीय, पहली बार आईपीएल में जगह पाने की कोशिश कर रहे 628 अनकैप्ड भारतीय और 69 अनकैप्ड विदेशी खिलाड़ी भी शामिल हैं।

रजिस्ट्रेशन कराने वाले सभी खिलाड़ियों को नीलामी में मौका नहीं मिलेगा। बीसीसीआई और आईपीएल इस सूची को छोटा करके अंतिम ऑक्शन लिस्ट जारी करेंगे। बीसीसीआई ने फ्रेंचाइजियों से कहा है कि शुरुआती रजिस्टर में शामिल नहीं खिलाड़ियों के नाम जोड़ने की अतिरिक्त मांग पर 27 नवंबर, शुक्रवार को भारतीय समयानुसार शाम 5 बजे तक जवाब दें। ऐसे खिलाड़ियों को अंतिम ऑक्शन सूची में शामिल किया जा सकता है।

Leave a Comment