युवराज सिंह की 30 मिनट की सलाह ने बदली वैभव की किस्मत, एक साथ कई वर्ल्ड रिकॉर्ड कर डाले अपने नाम

नई दिल्ली: वैभव सूर्यवंशी ने यूएई के खिलाफ 204 रनों की तूफानी पारी खेलकर लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक, सबसे तेज शतक और एक पारी में सबसे ज्यादा छक्कों का वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया।

एशिया कप राइजिंग स्टार्स के इस मैच में वैभव ने शुरू से ही आक्रामक अंदाज दिखाया। पहले दो मैचों में रन नहीं आए थे, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में भी बल्ला खामोश रहा था। फॉर्म को लेकर वह थोड़े परेशान थे, लेकिन एक फोन कॉल ने सब बदल दिया।

दोहरा शतक जड़ने से ठीक एक दिन पहले वैभव ने युवराज सिंह से करीब आधे घंटे तक बात की थी। इसका खुलासा खुद वैभव ने बीसीसीआई को दिए इंटरव्यू में किया। उन्होंने बताया कि उन्होंने चार लोगों से बात की थी – उनके पिता जी, कोच मनीष ओझा, अंडर-19 खिलाड़ी दोस्त प्रथम जाचक और युवराज सिंह। वैभव ने कहा, “मैं बहुत परेशान था, इसलिए मैंने युवराज सर से खुलकर बात की। मैंने उन्हें बताया कि विकेट पर जाने पर मुझे क्या-क्या दिक्कतें हो रही हैं। उन्होंने मुझे आधे घंटे तक सब कुछ समझाया।”

 

 

युवराज ने क्या समझाया?

वैभव के मुताबिक युवराज ने उन्हें बैटिंग की कई टेक्निकल बातें समझाईं। उन्होंने कहा था कि अगर वह 20 गेंद खेल लेंगे तो स्कोर अपने आप अलग होगा। युवराज की बातों ने वैभव का कॉन्फिडेंस लौटा दिया। वैभव ने कहा, “यूवी सर मेरे आइडल हैं। अगर आप अपने आइडल से बात करोगे तो उनकी हर बात सुननी चाहिए। उन्होंने चीजों को बहुत आसानी से समझाया। बाद में मैंने अपने वीडियो देखे तो समझ आया कि मैं कहां गलती कर रहा था।”

मैदान पर क्या था प्लान?

204 रनों की पारी को लेकर वैभव ने बताया कि उनका प्लान पहले विकेट को समझना था। उन्होंने कुछ गेंदें खेलीं, देखा कि गेंद बल्ले पर अच्छी आ रही है, फिर अपने गेम को बैक किया और उसके बाद खुलकर शॉट खेले। यह पारी सिर्फ एक दोहरा शतक नहीं थी, बल्कि एक युवा बल्लेबाज के कमबैक की कहानी भी थी। खराब फॉर्म से जूझ रहे वैभव ने अपने आइडल की एक सलाह को मैदान पर उतारा और इतिहास रच दिया।

Leave a Comment