IPL 2027: दिल्ली कैपिटल्स में लगेगा 7 हैट्रिक वालों का जमघट, सौरव गांगुली समेत ये दिग्गज बनेंगे कोच

भारत क्रिकेट टीम इस वक्त इंटरनेशनल क्रिकेट में व्यस्त हैं. मगर पर्दे के पीछे इंडियन प्रीमियर लीग के अगले सीजन की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं. सभी फ्रेंचाइजी खुद को मजबूती देने में लगी हैं और कुछ बदलाव कर रही हैं.

दिल्ली कैपिटल्स फिलहाल इस मामले में सबसे आगे है, जिसने IPL 2027 से पहले ऋषभ पंत को अपने खेमे में फिर से शामिल किया है और अब कोचिंग स्टाफ को भी पूरी तरह बदल दिया है. टीम में सौरव गांगुली की वापसी हुई है और उनके साथ युवराज सिंह भी जुड़ने जा रहे हैं.

दिल्ली कैपिटल्स में हर दो साल में फ्रेंचाइजी को चलाने की जिम्मेदारी बदलती रहती है. पिछले दो सीजन में फ्रेंचाइजी का काम-काज को-ओनर GMR ग्रुप संभाल रहा था. तब GMR ग्रुप ने हेमंग बदानी को टीम का हेड कोच नियुक्त किया था और सपोर्ट स्टाफ में अन्य नियुक्तियां भी की थीं. अब अगले 2 सीजन के लिए को-ओनर जिंदल ग्रुप फिर से मोर्चे पर आ गया है और इसलिए कोचिंग स्टाफ में फिर तब्दीली हो रही है.

गांगुली समेत ये दिग्गज बनेंगे कोच

इसी बदलाव के तहत पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली की फिर से दिल्ली कैपिटल्स में वापसी हो रही है. स्पोर्टस्टार की एक रिपोर्ट के अनुसार, गांगुली इस बार हेड कोच की भूमिका में होंगे और बदानी की जगह लेंगे. गांगुली इससे पहले दिल्ली कैपिटल्स में डाइरेक्टर ऑफ क्रिकेट और मेंटॉर की भूमिका निभा चुके हैं. मगर पिछले 2 सीजन में वो इसका हिस्सा नहीं थे. वहीं गांगुली के असिस्टेंट कोच के रूप में वर्ल्ड कप विजेता दिग्गज ऑलराउंडर युवराज सिंह जुड़ेंगे. युवराज पहली बार IPL में कोच की भूमिका में होंगे.

वहीं गेंदबाजी के सपोर्ट स्टाफ में दो जबरदस्त नियुक्तियां होने जा रही हैं. रिपोर्ट में बताया गया है कि श्रीलंका के महान तेज गेंदबाज चमिंडा वास अब दिल्ली के तेज गेंदबाजी कोच बनेंगे. चमिंडा वास को IPL में खेलने का थोड़ा अनुभव है. वो लीग के शुरुआती 3 सीजन में डेक्कन चार्जर्स का हिस्सा थे और 13 मैच में उन्होंने 18 विकेट लिए. वहीं दिल्ली के लिए IPL और घरेलू क्रिकेट में खेल चुके पूर्व भारतीय स्पिनर अमित मिश्रा स्पिन बॉलिंग कोच होंगे.

7 बार हैट्रिक ले चुके ये कोच

हालांकि, दिल्ली कैपिटल्स ने अभी तक आधिकारिक तौर पर किसी भी नियुक्ति का ऐलान नहीं किया है. मगर इस कोचिंग स्टाफ में एक खास बात ये है कि यहां हैट्रिक लेने वालों की भरमार है. गांगुली को छोड़कर अन्य तीनों कोच ने एक से ज्यादा बार हैट्रिक ली हैं. चमिंडा वास ने वनडे इंटरनेशनल में दो बार हैट्रिक ली है. वहीं अमित मिश्रा IPL में सबसे ज्यादा 3 बार हैट्रिक लेने का रिकॉर्ड रखते हैं. उनके अलावा युवराज ने भी IPL में 2 बार हैट्रिक ली है.

Leave a Comment