IPL 2027 के मिनी ऑक्शन के लिए 2 दर्जन से ज्यादा ऐसे खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 2 करोड़ की बेस प्राइस में अपना रजिस्ट्रेशन कराया है। हालांकि, इसमें सिर्फ दो ही नाम ऐसे हैं, जिन्होंने हाईएस्ट बेस प्राइस में अपना रजिस्ट्रेशन कराया है, जो भारत के हैं।
बाकी के खिलाड़ी आपको विदेशी ही इस लिस्ट में नजर आएंगे। कई ऐसे भारतीय खिलाड़ी हैं, जो इंटरनेशनल क्रिकेट खेल रहे हैं या खेल चुके हैं, लेकिन फिर भी उन्होंने 2 करोड़ की बेस प्राइस को नहीं चुना है, जबकि इंटरनेशनल क्रिकेट से रिटायर हो चुके बेन स्टोक्स और डेविड वॉर्नर जैसे खिलाड़ियों ने इस बेस प्राइस को चुना है।
क्रिकइंफो ने बताया है कि कुल 30 खिलाड़ी ऐसे हैं, जिन्होंने 2 करोड़ की बेस प्राइस को ऑक्शन के लिए चुना है। हालांकि, इस वेबसाइट ने 29 खिलाड़ियों के नाम ही अपने यहां प्रकाशित किए हैं। जिन दो भारतीय खिलाड़ियों ने 2 करोड़ की बेस प्राइस को चुना है। उनमें तेज गेंदबाज आवेश खान और दीपक चाहर हैं। इसके अलावा इस लिस्ट में सारे विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। न्यूजीलैंड, इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के खिलाड़ियों ने भर-भरकर दो-दो करोड़ की बेस प्राइस को चुना है।
2 करोड़ की बेस प्राइस वाले खिलाड़ी IPL 2027 ऑक्शन के लिए
बेन स्टोक्स, आवेश खान, दीपक चाहर, फजलहक फारूकी, मुजीब उर रहमान, रहमनुल्लाह गुरबाज, डेविड वॉर्नर, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, झाय रिचर्डसन, माहली बीयर्डमैन, स्पेंसर जॉनसन, जॉनी बेयरस्टो, सैम बिलिंग्स, सनी बेकर, टॉम करन, एडम मिल्ने, बेन सियर्स, बेवोन जैकब्स, डेरिल मिचेल, डेवन कॉनवे, रचिन रविंद्र, ट्रेंट बोल्ट, विल ओराउर्के, एनरिक नोर्खिया, जेराल्ड कोएट्ज़ी, मथीशा पथिराना, वानिंदु हसरंगा, शाई होप और शिमरन हेटमायर।
आपकी जानकारी के लिए बता दें, आईपीएल 2027 मिनी ऑक्शन के लिए कुल 1220 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है, जिसमें से 939 भारतीय और 281 विदेशी खिलाड़ी शामिल हैं। इस बार आईपीएल फ्रेंचाइजियों के पास सिर्फ 66 स्लॉट खाली हैं, जिसमें से 25 विदेशी खिलाड़ियों के लिए हैं। रजिस्टर हुए खिलाड़ियों की लिस्ट में 184 कैप्ड इंडियन प्लेयर, 170 कैप्ड ओवरसीज प्लेयर, एसोसिएट देशों के 42 खिलाड़ी, पिछले IPL सीजन में खेलने वाले 127 अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी, 628 पहली बार आईपीएल खेलने के फिराक वाले अनकैप्ड भारतीय खिलाड़ी और 69 अनकैप्ड इंटरनेशनल खिलाड़ी शामिल हैं।
हालांकि, इस लिस्ट को अभी बीसीसीआई और आईपीएल द्वारा शॉर्ट किया जाएगा और उन्हीं खिलाड़ियों का ऑक्शन होगा। BCCI ने फ्रेंचाइजियों को यह बात बता दी है कि शुक्रवार, 27 नवंबर, भारतीय समय के अनुसार शाम 5 बजे तक, उन्हें उन खिलाड़ियों के लिए किसी भी एक्स्ट्रा खिलाड़ी की रिक्वेस्ट का जवाब देना होगा, जो शुरुआती ऑक्शन रजिस्टर में नहीं थे। एक्स्ट्रा खिलाड़ियों को फाइनल ऑक्शन लिस्ट/सेट में जोड़ा जाएगा।