वैभव सूर्यवंशी तोड़ पाएंगे ये 2 रिकॉर्ड? सबसे तेज शतक-दोहरा शतक के बाद अब ये है लक्ष्य

वैभव सूर्यवंशी ने अपने छोटे से ही करियर में कई मुकाम छुए हैं. मगर एशिया कप राइजिंग स्टार्स में UAE के खिलाफ मैच में वैभव ने जो बवंडर खड़ा किया, वो शायद ही पहले कभी देखने को मिला हो.

वैभव ने अकेले दम पर ही UAE के गेंदबाजों की ऐसी धुनाई की, जिसने शतक-दोहरे शतक के रिकॉर्ड ध्वस्त कर दिए. वैभव ने सिर्फ 53 गेंदों में 204 रन की अपनी पारी से रिकॉर्ड बुक को ही बदल दिया. मगर इसके बावजूद कुछ रिकॉर्ड ऐसे हैं, जो अभी भी बाकी हैं और अब उन्हें ध्वस्त करना वैभव का अगला लक्ष्य है.

वैभव ने UAE के खिलाफ अपनी इस पारी में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड बनाया. उन्होंने 28 गेंदों में शतक जमाकर पिछला रिकॉर्ड तोड़ा. फिर उन्होंने 40 गेंदों में 150 रन पूरे करते हुए अपना ही रिकॉर्ड तोड़ा और इसके बाद छक्का जमाते हुए 52 गेंदों में दोहरा शतक पूरा करते हुए इतिहास रच दिया. अब बात अगले लक्ष्य की. वैभव को जो रिकॉर्ड तोड़ने हैं, वो हैं लिस्ट ए क्रिकेट में सबसे तेज 250 रन और इस फॉर्मेट में सबसे बड़ा स्कोर.

कौन से रिकॉर्ड बाकी हैं?

अगर आप ये सोच रहे हैं कि ये रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम हैं तो ऐसा नहीं है. ये दोनों ही रिकॉर्ड एक भारतीय के नाम हैं लेकिन वो हिटमैन रोहित शर्मा नहीं हैं. ये रिकॉर्ड हैं तमिलनाडु के बल्लेबाज नारायण जगदीशन के नाम. विजय हजारे ट्रॉफी में जगदीशन ने एक ही पारी में ये दोनों रिकॉर्ड कायम किए. जगदीशन ने नवंबर 2022 में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ सिर्फ 124 गेंदों में 250 रन बना दिए थे, जो लिस्ट ए में सबसे तेज 250 रन का रिकॉर्ड है. इसी पारी में जगदीशन ने 277 रन जड़े थे, जो लिस्ट ए में सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड भी है.

फिलहाल ट्रॉफी पर वैभव की नजर

जिस तरह की बल्लेबाजी वैभव ने UAE के खिलाफ की और जितना लंबा करियर अभी उनके सामने है, उसे देखते हुए ये दोनों रिकॉर्ड भी खतरे में हैं और कभी-भी टूट सकते हैं. इतना ही नहीं, अगर वैभव लिस्ट ए क्रिकेट में पहला तिहरा शतक लगाने वाले बन जाएं तो हैरानी नहीं होनी चाहिए. फिलहाल तो वैभव के सामने लक्ष्य सेमीफाइनल का है, जहां इंडिया ए का सामना श्रीलंका से होगा और फिर फाइनल में खिताब जीतने का भी लक्ष्य है.

Leave a Comment