IPL 2026: आयुष म्हात्रे के रिप्लेसमेंट का ऐलान, एक पारी में 5 विकेट लेने वाले को मिली जगह

Chennai Super Kings: IPL 2026 के बीच चेन्नई सुपर किंग्स की टीम को बड़ा झटका लगा है. टीम के युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे चोट के चलते पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं. हैदराबाद के खिलाफ मैच में बल्लेबाजी के दौरान उनकी हैमस्ट्रिंग खिंच गई थी. जिसके चलते वह अब टीम का हिस्सा नहीं हैं. ऐसे में चेन्नई सुपर किंग्स ने उनके रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया है. सीएसके ने एक चौंकाने वाला फैसला लेते हुए आयुष म्हात्रे की जगह एक भारतीय गेंदबाज को टीम में शामिल किया है.

आयुष म्हात्रे के रिप्लेसमेंट का ऐलान

चेन्नई सुपर किंग्स ने आयुष म्हात्रे की जगह पर तेज गेंदबाज आकाश मधवाल को साइन किया है. मधवाल एक दाहिने हाथ के तेज गेंदबाज हैं, जिन्होंने पहले मुंबई इंडियंस (2023 और 2024) और राजस्थान रॉयल्स (2025) के लिए आईपीएल में खेला है. अब तक उन्होंने 17 आईपीएल मैच खेले हैं और 23 विकेट चटकाए हैं. मधवाल का सबसे यादगार मैच 2023 सीजन का एलिमिनेटर मैच था, जब उन्होंने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ सिर्फ 3.3 ओवर में 5 रन देकर 5 विकेट झटके थे. यह प्रदर्शन आईपीएल प्लेऑफ में किसी अनकैप्ड खिलाड़ी का बेस्ट आंकड़ा है और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड भी मिला था.

View this post on Instagram

A post shared by Chennai Super Kings (@chennaiipl)

आईपीएल 2023 में उन्होंने 8 मैचों में 14 विकेट लिए थे. वहीं, 2024 में 5 मैचों में 5 विकेट और 2025 में राजस्थान रॉयल्स के लिए 4 मैचों में 4 विकेट अपने नाम किए थे. मधवाल अपनी सटीक लाइन-लेंथ और तेज गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं, जो डेथ ओवर्स में खासतौर पर प्रभावी साबित होती है. ऐसे में वह बचे हुए सीजन में चेन्नई सुपर किंग्स के लिए बड़े मैच विनर साबित हो सकते हैं.

आयुष म्हात्रे का बाहर होना बड़ा झटका

आयुष म्हात्रे इस सीजन CSK के लिए शानदार फॉर्म में थे. उन्होंने सिर्फ छह मैचों में दो अर्धशतक जड़े और टीम के टॉप ऑर्डर में मजबूत शुरुआत दी. लेकिन चोट के चलते उन्हें बीच सीजन बाहर होना पड़ा. अब उनके रिहैबिलिटेशन में 6 से 12 हफ्ते लग सकते हैं, जिससे उनका पूरा सीजन खत्म हो गया है.