IPL 2026: 25 करोड़ के खिलाड़ी का 17 साल के आयुष म्हात्रे ने निकाला धुआं, ठोक दिए इतने रन

Ayush Mhatre: चेन्नई सुपरकिंग्स के 17 साल के खिलाड़ी आयुष म्हात्रे आईपीएल 2026 में अलग ही फॉर्म में नजर आ रहे हैं. म्हात्रे ने अपने टैलेंट का लोहा मनवाते हुए आईपीएल 2026 के सबसे महंगे विदेशी खिलाड़ी कैमरन ग्रीन की जबरदस्त धुनाई कर दी.

दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने ग्रीन की गेंदों पर छक्के-चौकों की बौछार कर दी. म्हात्रे ने ग्रीन की गेंदों का वो हाल किया जिसे देखकर फैंस हैरान रह गए. आइए आपको बताते हैं म्हात्रे ने बल्ले से कैसे दम दिखाया.

कैमरन ग्रीन को आयुष म्हात्रे ने लिया आड़े हाथ

क्रीज पर आते ही खुलकर बैटिंग करने के लिए जाने जाते हैं और केकेआर के खिलाफ उन्होंने ऐसे ही किया. तीसरे ओवर में चेन्नई ने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ का विकेट गंवा दिया लेकिन इससे म्हात्रे को कोई फर्क नहीं पड़ा और इस खिलाड़ी ने आते ही दमदार प्रदर्शन किया. चौथे ओवर में जब ग्रीन गेंदबाजी करने आए तो म्हात्रे ने उनकी दूसरी गेंद पर चौका लगाया. इसके बाद तीसरी गेंद ग्रीन ने कमाल फेंकी जिसे म्हात्रे नहीं समझ पाए. ग्रीन को लगा कि वो 17 साल के इस खिलाड़ी पर दबाव बना देंगे लेकिन म्हात्रे के इरादे कुछ और ही थे. इस खिलाड़ी ने उनकी चौथी गेंद पर चौका, पांचवीं गेंद पर छक्का और फिर छठी गेंद पर भी छक्का जड़ दिया. ग्रीन को केकेआर ने 25.20 करोड़ की बड़ी कीमत पर खरीदा है लेकिन इस खिलाड़ी की बैटिंग और गेंदबाजी दोनों ही फ्लॉप रही है.

वैभव के खिलाफ भी चौकों की हैट्रिक

वैभव अरोड़ा के खिलाफ भी आयुष म्हात्रे ने चौकों की हैट्रिक लगाई. पावरप्ले के आखिरी ओवर में वैभव अरोड़ा आए और म्हात्रे ने उनकी पहली तीनों गेंदों पर चौका लगा दिया. हालांकि इसी ओवर में म्हात्रे आउट भी हो गए. म्हात्रे ने 17 गेंदों में 2 छक्के और 6 चौकों की मदद से 38 रन बनाए. बता दें म्हात्रे ने इस सीजन 5 मैचों में 171 रन बनाए हैं. उनका बैटिंग औसत 34 से ज्यादा का है और उनका स्ट्राइक रेट भी 170 के पार है. म्हात्रे अबतक 11 छक्के और 15 चौके लगा चुके हैं.

Leave a Comment