IPL 2026: शुभमन गिल-साई सुदर्शन ने 10वीं बार ठोका शतक, विराट-डिविलियर्स का रिकॉर्ड चकनाचूर

Shubman Gill-Sai Sudharsan Most 100 Run Partnerships in IPL: आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटंस की ओपनिंग जोड़ी शुभमन गिल और साई सुदर्शन लगातार कमाल दिखा रही है.चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ भी इस जोड़ी ने एक बार फिर तूफानी शुरुआत दी. दोनों ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 12.2 ओवर में 125 रन जोड़कर GT के लिए मजबूत नींव रखी. इस शानदार साझेदारी के साथ शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि अपने नाम कर ली है. उनका नाम आईपीएल की सबसे सफल जोड़ियों में शामिल हो गया है.

शुभमन गिल-साई सुदर्शन की जोड़ी ने रचा इतिहास

शुभमन गिल-साई सुदर्शन की जोड़ी ने आईपीएल में इस शानदार साझेदारी के साथ सबसे कम पारियों में 10 शतकीय साझेदारियां करने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है. आईपीएल में सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारियों की लिस्ट में गिल-सुदर्शन की जोड़ी विराट कोहली और एबी डिविलियर्स के बराबर पहुंच गई है, लेकिन उन्होंने यह कारनामा सिर्फ 46 पारियों में कर दिखाया है. वहीं, विराट कोहली और एबी डिविलियर्स की दिग्गज जोड़ी को 77 पारियां लगी थीं.

ओपनिंग जोड़ी के तौर पर बनाया नया रिकॉर्ड

आईपीएल में बतौर ओपनिंग जोड़ी यह शुभमन गिल और साई सुदर्शन की 7वीं शतकीय साझेदारी है. इससे उन्होंने डेविड वॉर्नर-शिखर धवन और ट्रेविस हेड-अभिषेक शर्मा का रिकॉर्ड तोड़ दिया है. इन दोनों जोड़ियों ने 6-6 शतकीय ओपनिंग साझेदारियां की थीं. लेकिन अब आईपीएल में बतौर ओपनिंग जोड़ी सबसे ज्यादा शतकीय साझेदारियों का रिकॉर्ड शुभमन गिल-साई सुदर्शन की जोड़ी के नाम हो गया है.

सीजन में 600 से ज्यादा रन

शुभमन गिल इस सीजन में कप्तानी के साथ-साथ बल्लेबाजी में भी शानदार फॉर्म में हैं. वहीं, साई सुदर्शन भी उनका अच्छा साथ दे रहे हैं. दोनों खिलाड़ियों ने मौजूदा सीजन में 600 से ज्यादा रन बना लिए हैं. सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में दोनों खिलाड़ी टॉप-2 में हैं. यानी इनके बीच ऑरेंज कैप जीतने की रोमांचक रेस भी चल रही है. इन दोनों खिलाड़ियों के अलावा कोई भी सीजन फिलहाल इस सीजन में 600 रन का आंकड़ा नहीं छू सका है.