100 करोड़ से ज्यादा का इनाम… क्रिस्टियानो रोनाल्डो पर बरसेगा पैसा, अल नसर देगा बोनस

AL Nassr Will Give Bonus To Cristiano Ronaldo for Winning Saudi Pro League: क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने तीन साल की मेहनत और लगातार कोशिशों के बाद आखिरकार अल नसर के साथ अपना पहला सऊदी प्रो लीग खिताब जीत लिया. पुर्तगाली सुपरस्टार की कप्तानी वाली टीम ने सीजन के आखिरी दिन दमैक क्लब को 4-1 से हराकर खिताब पर कब्जा किया. मैच रियाद के अल-अव्वल पार्क में खेला गया, जहां अल नसर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की. इस जीत के साथ ही क्लब का 7 साल लंबा सूखा भी खत्म हो गया. अल नसर ने आखिरी बार 2018-19 सीजन में लीग ट्रॉफी उठाई थी.

क्रिस्टियानो रोनाल्डो को मिलेगा बोनस

फाइनल में क्रिस्टियानो रोनाल्डो पूरे मैच में छाए रहे. उन्होंने टीम के लिए दो शानदार गोल किए. पहला गोल फ्री-किक से दागा, वहीं 81वें मिनट में उन्होंने मैच का फैसला कर दिया. किंग्सले कोमैन के बेहतरीन पास पर रोनाल्डो ने गेंद को गोल में बदलकर अल नसर की जीत को पक्का कर दिया. यह रोनाल्डो के लिए अल नसर के साथ पहला बड़ा आधिकारिक खिताब है. सऊदी लीग में आने के बाद से उन्होंने कई व्यक्तिगत उपलब्धियां हासिल कीं, लेकिन टीम ट्रॉफी अब तक नहीं मिली थी.

बता दें, अल नसर के साथ रोनाल्डो के कॉन्ट्रैक्ट में प्रदर्शन के आधार पर बोनस का प्रावधान है. लीग खिताब जीतने पर उन्हें 11 मिलियन डॉलर (लगभग 105 करोड़ भारतीय रुपए) का बोनस मिलेगा. यह बोनस उनके कॉन्ट्रैक्ट का हिस्सा है, जिसमें साइनिंग फीस और बाकी प्रदर्शन बोनस भी शामिल हैं. इस बड़ी रकम के साथ रोनाल्डो की मेहनत का इनाम अब और भी खास हो गया है. अल नसर के इस खिताब ने न सिर्फ क्लब के फैंस को खुशी दी है, बल्कि रोनाल्डो को भी भारी फायदा पहुंचाया है.

अल नसर के साथ रोनाल्डो का कॉन्ट्रैक्ट

क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने पिछले साल ही अल नसर के साथ दो साल का नया करार किया था. जिसके तहत उन्हें हर साल 178 मिलियन पाउंड यानी 2200 करोड़ भारतीय रुपए मिलेंगे. इसके अलावा उन्हें हर एक गोल के बदले लगभग 1 करोड़ रुपए भी मिलते हैं. हर असिस्ट के लिए अलग से लगभग 50 लाख रुपए दिए जाते हैं. इनके अलावा गोल्डन बूट जीतने पर भी क्रिस्टियानो रोनाल्डो को करोड़ों का इनाम दिया जाएगा, ये भी कॉन्ट्रैक्ट का हिस्सा है.