IND vs SL: 44 साल बाद बड़ा कारनामा, सोनल दिनुषा ने लगातार 2 टेस्ट शतक से रचा इतिहास

IND vs SL: टीम इंडिया ने श्रीलंका के खिलाफ गॉल में पहले टेस्ट मैच में शानदार जीत हासिल की थी। दोनों टीमों के बीच दूसरा टेस्ट मैच कोलंबो में चल रहा है। वहां पर भी भारतीय टीम मजबूत स्थिति में है।

श्रीलंका को फॉलोऑन खेलना पड़ा है। खैर, दोनों मैचों में अभी तक श्रीलंकाई बल्लेबाज फेल रहे हैं। भारतीय गेंदबाजों के आगे सभी ने घुटने टेक दिए हैं। टीम इंडिया के गेंदबाजों का असली सामना सोनल दिनुषा ने किया। दोनों टेस्ट मैचों में उन्होंने शतक लगाया है। कोलंबो में भी वो एक छोर पर डटे रहे हैं। अपने धमाकेदार प्रदर्शन से उन्होंने मेला लूट लिया है। साथ ही साथ कुछ रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिए हैं।

सोनल दिनुषा ने लगाए दो शतक

सोनल दिनुषा ने गॉल टेस्ट की पहली पारी में 100 रन की पारी खेली थी। वहीं, दूसरी पारी में उन्होंने 84 रन बनाए थे। दिनुषा का टेस्ट क्रिकेट में भारत के खिलाफ ये पहला मैच था। पहले ही मैच में उन्होंने कमाल कर दिया था। अब सोनल कोलंबो टेस्ट में भी बल्ले से कोहराम मचा दिया है। पहली पारी में उन्होंने सेंचुरी जड़ते हुए 103 रन की पारी खेली। सीरीज की 3 पारियों में वो 287 रन ठोक चुके हैं। उनका औसत 95.67 का रहा है। भारतीय खिलाड़ी उनका नाम लंबे समय तक याद रखेंगे।

सोनल दिनुषा ने रच दिया इतिहास

सोनल दिनुषा ने अपने टेस्ट करियर में भारत के खिलाफ पहले दोनों मैचों में शतक लगा दिया है। ऐसा करने वाले वो दूसरे श्रीलंकाई बल्लेबाज बन गए हैं। आपको बता दें कि 44 साल बाद उन्होंने ये कारनामा किया है। उनसे पहले साल 1982 में दलीप मेंडिस ने भारत के खिलाफ बड़ी उपलब्धि हासिल की थी। अगर ओवरऑल रिकॉर्ड की बात करें, तो दिनुषा अब आठवें खिलाड़ी बन गए हैं, जिन्होंने भारत के खिलाफ पहले दोनों टेस्ट मैचों में शतक जड़ा है।

भारत के खिलाफ लगातार टेस्ट में शतक

दिनुषा ने लगातार दो शतक लगाकर एक बड़े क्लब में एंट्री कर ली है। वो अब भारत के खिलाफ लगातार टेस्ट में शतक लगाने वाले श्रीलंकाई बल्लेबाजों की लिस्ट में भी शामिल हो गए हैं। इस लिस्ट में अरविंदा डी सिल्वा, कुमार संगकारा, सनथ जयसूर्या, महेला जयवर्धने और एंजेलो मैथ्यूज जैसे दिग्गज पहले से शामिल हैं। दिनुषा ने अपने करियर के शुरुआत में ही बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है।

तीन टेस्ट पारियों में 80 से ज्यादा रन

दिनुषा अब पहले तीन टेस्ट पारियों में 80 से ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में भी आ गए हैं। उनका नाम जहीर अब्बास और एवर्टन वीक्स के साथ जुड़ गया है। आपको बता दें, अब्बास ने टीम इंडिया के खिलाफ अपनी पहली तीन पारियों में 176, 96 और नाबाद 235 रन जड़े थे। वहीं, एवर्टन ने 128, 194 और 162 रन बनाए थे। दिनुषा ने अब 100, 84 और 100 रन बनाकर महफिल लूट ली है।

श्रीलंका फॉलोऑन खेलने पर मजबूर

टीम इंडिया ने पहली पारी में 503 रनों पर अपनी पारी घोषित की थी। श्रीलंका की पहली पारी 290 रनों पर सिमट गई। दिनुषा श्रीलंका को फॉलोऑन खेलने से नहीं बचा पाए। अब उनसे दूसरी पारी में भी अच्छी बल्लेबाजी की उम्मीद की जा रही है। वो अपनी टीम को हार से बचा सकते हैं। वैसे, श्रीलंका का रिकॉर्ड खराब रहा है। टीम ने जिन 27 टेस्ट मैचों में फॉलोऑन के बाद दोबारा बल्लेबाजी की, उनमें से 24 मुकाबलों में हार मिली है।

Leave a Comment