IND vs NZ 2nd Test: MS Dhoni के खास क्लब में शामिल हुए ध्रुव जुरेल, न्यूजीलैंड में नंबर-7 पर बनाया खास रिकॉर्ड

ध्रुव जुरेल एक बार फिर भारतीय टीम के लिए संकटमोचक बने और उन्होंने अपनी बेहतरीन बल्लेबाजी के बूते भारतीय टीम को फॉलोऑन से बचाया. टेस्ट के तीसरे दिन पहली पारी में भारत की पूरी टीम 246 रन बनाकर ऑलआउट हो गई.

जुरेल अपने शतक से 12 रन दूर रह गए और 170 गेंदों का सामना करने के बाद 88 रन बनाकर आउट हुए. अपनी इस महत्वपूर्ण पारी में जुरेल ने 14 चौके लगाए. पिछली पांच इनिंग्स में भारतीय बल्लेबाज ने चौथी बार 50 या उससे अधिक रनों की पारी खेली. भले ही जुरेल शतक नहीं लगा पाए, लेकिन उन्होंने पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के एक खास क्लब में जगह जरूर बनाई.

ध्रुव जुरेल अब न्यूजीलैंड में किसी एक दौरे पर नंबर-7 पर खेलते हुए दो बार 50 या उससे अधिक रनों की पारी खेलने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं. जुरेल से पहले पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने यह कारनामा किया था. धोनी ने 2009 में इतिहास रचा था.

ध्रुव जुरेल ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर की सबसे प्रभावशाली पारी खेली लेकिन इसके बावजूद न्यूजीलैंड ने भारत के खिलाफ दूसरे और अंतिम टेस्ट क्रिकेट मैच के तीसरे दिन रविवार को अपनी कुल बढ़त 243 रन पर पहुंचाकर मैच पर पकड़ मजबूत कर ली.

पहली पारी में 110 रन की बढ़त हासिल करने वाले न्यूजीलैंड ने तीसरे दिन का खेल समाप्त होने तक अपनी दूसरी पारी में तीन विकेट पर 133 रन बनाए. इससे पहले भारत ने न्यूजीलैंड के 356 रन के जवाब में अपनी पहली पारी में 246 रन बनाए थे.

जुरेल ने लगभग सवा चार घंटे तक चली अपनी पारी में 170 गेंद पर 88 रन बनाए जिसमें 14 चौके शामिल हैं. उनकी यह पारी इसलिए महत्वपूर्ण है क्योंकि भारत एक समय सात विकेट पर 117 रन बनाकर फॉलाऑन करने की स्थिति में दिख रहा था.

न्यूजीलैंड की तरफ से दूसरी पारी में डेवोन कॉनवे ने 51 रन बनाए. स्टंप उखड़ने के समय रचिन रविंद्र 46 रन और डेरिल मिचेल पांच रन पर खेल रहे थे. भारत की तरफ से जसप्रीत बुमराह ने 34 रन देकर दो जबकि वाशिंगटन सुंदर ने 14 रन देकर एक विकेट लिया है.

भारत को हालांकि तीसरे दिन तब करारा झटका लगा जब पहली पारी में उसके सबसे सफल गेंदबाज आकाश दीप सिर में चोट लगने के कारण मैच से बाहर हो गए. उनके स्थान पर ‘कनकशन सब्स्टीट्यूट’ के रूप में प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में शामिल किया गया जो अभी तक खास प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं.

न्यूजीलैंड अगर भारत के सामने 325 रन का भी लक्ष्य रखता है तो उसे हासिल करना आसान नहीं होगा. हेगली ओवल में अभी तक कोई भी टीम 300 रन से अधिक का लक्ष्य हासिल नहीं कर पाई है.

Leave a Comment