नई दिल्ली: भारत और न्यूजीलैंड के बीच क्राइस्टचर्च के हेग्ले ओवल मैदान पर खेले जा रहे दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में टीम इंडिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई में भारतीय टीम दो बदलावों के साथ मैदान पर उतरी है। इस मैच में युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 में जगह मिली है, जबकि चोटिल ईशान किशन मुकाबले से बाहर हैं। दोनों टीमों के बीच यह मुकाबला सीरीज के लिहाज से काफी अहम है।
भारतीय टीम को दूसरे टी20 से पहले बड़ा झटका लगा है। ईशान किशन पहले मैच के दौरान ग्रोइन की चोट का शिकार हो गए थे। इसी वजह से वह इस मुकाबले में नहीं खेल रहे हैं। बीसीसीआई ने शुक्रवार को ही उनके बाहर रहने की जानकारी दे दी थी।ईशान की जगह युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को अंतिम एकादश में शामिल किया गया है। वैभव को मौका मिलने का लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था। इससे पहले उन्हें वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलने का अवसर नहीं मिला था, जिस पर सवाल भी उठे थे। अब ईशान की चोट के चलते उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला है। वहीं, मयंक यादव की जगह प्रिंस यादव को टीम में शामिल किया गया है।
भारत और न्यूजीलैंड की प्लेइंग-11
भारत: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, तिलक वर्मा, नमन धीर, नीतीश कुमार रेड्डी, अक्षर पटेल, भुवनेश्वर कुमार, अर्शदीप सिंह और प्रिंस यादव।
न्यूजीलैंड: मिचेल सैंटनर (कप्तान), फिन एलन, टिम सेइफर्ट (विकेटकीपर), डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, बेवन जैकब्स, मिचेल ब्रेसवेल, नाथन स्मिथ, मैट हेनरी, जैकब डफी और लॉकी फर्ग्यूसन।
टी20 में भारत का पलड़ा भारी
भारत और न्यूजीलैंड के बीच अब तक 32 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले गए हैं। इनमें भारतीय टीम ने 18 मैच जीते हैं, जबकि न्यूजीलैंड को 11 मुकाबलों में सफलता मिली है। तीन मैच टाई रहे हैं। इनमें से दो मुकाबलों का फैसला सुपर ओवर में हुआ, जहां भारत ने जीत दर्ज की थी।