भारतीय क्रिकेट टीम के लिए एक बहुत बुरी खबर है. विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत का न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज में खेलना अब मुश्किल है. बाएं हाथ का ये बल्लेबाज न्यूजीलैंड ए के खिलाफ होने वाले मैच से बाहर हो गए हैं.
पंत अबतक साइड स्ट्रेन से ठीक नहीं हुए हैं. पंत अभी भी बेंगलुरु के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब में हैं. माना जा रहा है कि पंत अब 19 नवंबर को होने वाले वेलिंगटन टेस्ट में भी नहीं खेल पाएंगे. अगर ऐसा हुआ तो ध्रुव जुरेल का प्लेइंग इलेवन में खेलने का रास्ता साफ हो जाएगा.
बुमराह-जडेजा न्यूजीलैंड ए के खिलाफ खेलेंगे
टेस्ट स्पेशलिस्ट जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा दोनों टेस्ट की तैयारी के लिए न्यूजीलैंड ए के खिलाफ खेलेंगे. तिलक वर्मा भी शनिवार से लिंकन में शुरू हो रहे इस मैच में खेलते दिखेंगे. बुमराह ने न्यूजीलैंड पहुंचने के बाद से दो दिनों तक स्क्वाड के साथ ट्रेनिंग की है, जबकि जडेजा सौराष्ट्र के लिए दो रणजी ट्रॉफी मैच खेलने के बाद इस सीरीज़ में आ रहे हैं, जिसमें उन्होंने कुल सात विकेट लिए और एक सेंचुरी बनाई.
ध्रुव जुरेल ही इंडिया ए की कप्तानी करेंगे. इस मैच में नीतीश कुमार रेड्डी भी खेलेंगे. इस बीच प्रसिद्ध कृष्णा के भी A मैच में खेलने की संभावना है क्योंकि वो पिछले तीन हफ्ते तक हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के बाद रिहैबिलिटेशन से गुजरने के बाद मैच फिटनेस हासिल करना चाहते हैं. प्रसिद्ध को सभी फ़ॉर्मेट में खेलने की इजाजत मिल गई थी लेकिन टेस्ट के लिए फिट रहने के लिए उन्हें ODI टीम में वापस नहीं लिया गया. उनकी जगह ODI टीम में जम्मू और कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को शामिल किया गया.
सिराज वनडे टीम से जुड़े
मोहम्मद सिराज ऑकलैंड वनडे में आराम कर रहे थे और अब वो वेलिंगटन में वनडे टीम से जुड़ गए हैं. सिराज ने क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में ड्रॉ हुए दूसरे अनऑफिशियल टेस्ट में हिस्सा लिया था, जहां उन्होंने 4 विकेट झटके थे. अब सिराज को वनडे सीरीज में मौका मिल सकता है. शुभमन गिल की बात करें तो वो दूसरे और तीसरे वनडे में खेलने के बाद टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए वनडे टीम छोड़ देंगे. टीम इंडिया के लिए न्यूजीलैंड टेस्ट सीरीज बेहद जरूरी है. वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने के लिए टीम इंडिया को ये सीरीज 2-0 से जीतनी ही होगी.