भारतीय अंडर 19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 टीम के खिलाफ यूथ वनडे सीरीज 3-0 से अपने नाम की। इस सीरीज में यशबर्धन चौहान हीरो बनकर उभरे। वहीं सभी भारतीय क्रिकेट फैंस की नजरें थीं क्रिकेट के दो दिग्गज वीरेंद्र सहवाग और राहुल द्रविड़ के बेटों पर जो इस भारतीय अंडर 19 टीम का हिस्सा थे।
आर्यवीर सहवाग ने तीन मैचों में 109 रन बनाकर प्रभावित किया, वहीं अन्वय द्रविड़ ने भी इस सीरीज में निचले क्रम पर अपनी पिंच हिटिंग का नमूना पेश किया।
अन्वय द्रविड़ इंडिया अंडर 19 टीम के लिए तीसरा मुकाबला नहीं खेले थे। भारतीय टीम ने सीरीज पहले ही अपने नाम कर ली थी। ऐसे में अन्वय द्रविड़ की जगह तीसरे मैच में विकेटकीपर बल्लेबाज रजत बघेल को मौका दिया गया था। अन्वय द्रविड़ ने इस सीरीज में पहले दो मुकाबले खेले थे।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ यूथ वनडे सीरीज में अन्वय का प्रदर्शन
उन्होंने पहले मैच में भारत के लिए 20 ओवर के बारिश से प्रभावित मुकाबले में 18 गेंद पर ताबड़तोड़ 38 रन बनाए थे। इस पारी में उन्होंने 2 चौके व 3 छक्के लगाए थे। दूसरे मैच में उनके बल्लेबाजी अंतिम क्षणों में आई थी और उन्होंने 8 गेंद पर 9 रन बनाए थे। वहीं 2 मैचों में विकेटकीपिंग करते हुए उन्होंने एक कैच और एक स्टंपिंग के साथ दो शिकार किए।
ऐसे में कुल मिलाकर अन्वय के बल्ले से 26 गेंद पर 47 रन इस सीरीज में निकले जिसमें 3 चौके व 3 छक्के शामिल थे। उनका औसत 23.50 और स्ट्राइक रेट पूरी टीम में सबसे ज्यादा 180.77 का रहा। अन्वय ने दिखा दिया कि आने वाले दिनों में वह निचले क्रम पर एक उपयोगी पिंच हिटर विकेटकीपर बल्लेबाज साबित हो सकते हैं।
अन्वय द्रविड़ का अब तक कैसा रहा यूथ वनडे करियर
अन्वय द्रविड़ ने अब तक भारतीय अंडर 19 टीम के लिए चार यूथ वनडे मुकाबले खेले हैं। उन्होंने जुलाई में श्रीलंका के खिलाफ दो मुकाबले खेले थे जहां 87 और 14 रन की पारियां उनके बल्ले से निकली थीं। उन्होंने अब तक 4 यूथ वनडे खेलते हुए 4 पारियों में 37.00 की औसत और 132.14 के स्ट्राइक रेट से 148 रन बनाए हैं। 87 रन उनका सर्वोच्च स्कोर है। उन्होंने अब तक यूथ वनडे में 13 चौके और 4 छक्के लगाए हैं।
IND U19 vs AUS U19: आर्यवीर सहवाग 5वें पर, अन्वय द्रविड़ बाहर; भारत-ऑस्ट्रेलिया यूथ वनडे सीरीज के टॉप 5 बैटर-बॉलर
इंडिया अंडर 19 टीम ने ऑस्ट्रेलिया अंडर 19 टीम को यूथ वनडे सीरीज में 3-0 से मात दी। इस सीरीज में भारत के लिए स्टार बने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में कमाल करने वाले यशबर्धन चौहान। वहीं आर्यवीर सहवाग ने भी इस सीरीज में अपने बल्ले से प्रभावित किया। यहां देखें टॉप 5 बैटर्स-बॉलर्स की लिस्ट।