Asian Games 2026 Qualification Rules: एशियन गेम्स 2026 क्रिकेट टूर्नामेंट का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला भारत और श्रीलंका के बीच खेला जाएगा. यह मुकाबला 1 अक्टूबर को निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेला जाएगा.
हैरानी की बात यह है कि भारत और श्रीलंका ने अभी तक इस टूर्नामेंट में एक भी मैच नहीं खेला है, लेकिन फिर उन्हें सेमीफाइनल में एंट्री मिल गई. दरअसल, इसके पीछे की वजह एशियन गेम्स का नियम है.
भारत और श्रीलंका समेत 4 देशों को पहले ही एशियन गेम्स के टूर्नामेंट में क्वार्टरफाइनल में एंट्री दी गई थी. इन टीमों की ICC की टी20 रैंकिंग और बेहतर सीडिंग के आधार पर सीधे नॉकआउट यानी क्वार्टरफाइनल में जगह दी गई थी. भारतीय टीम को 28 सितंबर अफगानिस्तान के खिलाफ क्वार्टरफाइनल खेलना था, जबकि श्रीलंका का मुकाबला नेपाल से होने वाला था.
भारत-श्रीलंका बिना खेले सेमीफाइनल में पहुंचे
भारत और श्रीलंका की टीम को क्वार्टरफाइनल में भी खेलने का मौका नहीं मिला. दरअसल, बारिश की वजह से दोनों टीमों के नॉकआउट मुकाबले रद्द हो गए. पहले 28 सितंबर को भारत और अफगानिस्तान का मैच बारिश से धुल गया. फिर 29 सितंबर को श्रीलंका बनाम नेपाल का मुकाबला भी बारिश के चलते रद्द हो गया. नियम के तहत भारत बनाम अफगानिस्तान का क्वार्टरफाइनल रद्द होने पर भारतीय टीम को सेमीफाइनल में एंट्री दी गई. दरअसल, एशियन गेम्स में मैच के लिए कोई रिजर्व डे नहीं है.
ऐसे में जब कोई मैच रद्द होता है, तो बेहतर ICC रैंकिंग वाली टीम को विजेता घोषित कर दिया जाता है. ऐसे में भारत ने बिना क्वार्टरफाइनल खेले सेमीफाइनल में एंट्री कर ली. इसी तरह श्रीलंका को भी सेमीफाइनल में एंट्री मिली, क्योंकि वो ICC टी20 रैंकिंग में नेपाल से आगे है. भारत-श्रीलंका ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान और बांग्लादेश के क्वार्टरफाइनल मैच भी बारिश से धुल गए. इसकी वजह से पाकिस्तान और बांग्लादेश भी बिना खेले सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं.
भारत-श्रीलंका कब होगा मुकाबला?
एशियन गेम्स क्रिकेट टूर्नामेंट में भारत और श्रीलंका के बीच दूसरा सेमीफाइनल खेला जाएगा. यह मुकाबला 1 अक्टूबर को भारतीय समयानुसार सुबह 10 बजे शुरू होगा. ये मैच निशिन के कोरोगी स्पोर्ट्स पार्क में खेला जाएगा. इस मैच में जीतने वाली टीम फाइनल में जाएगी, जो गोल्ड मेडल के लिए मुकाबला खेलेगी. वहीं, हारने वाली टीम ब्रॉन्ज मेडल मैच खेलेगी.
लगातार दूसरे गोल्ड पर भारत की नजर
भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में डिफेंडिंग चैंपियन है. भारत ने हांगझोऊ में खेले गए एशियन गेम्स क्रिकेट टूर्नामेंट में गोल्ड मेडल जीता था. ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में भारतीय क्रिकेट टीम ने पहली बार गोल्ड मेडल अपने नाम किया था. अब श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली भारतीय टीम की नजर लगातार दूसरा गोल्ड मेडल जीतने पर है. अब यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या भारतीय टीम अपना गोल्ड मेडल डिफेंड कर पाएगी.