भारतीय क्रिकेटर अजिंक्य रहाणे ने ब्रिटेन के प्रिंस विलियम के साथ टेनिस बॉल क्रिकेट खेलने के अनुभव को खास बताया है. लंदन में बकिंघम पैलेस के सामने आयोजित इस कार्यक्रम में कई दिग्गज क्रिकेटर शामिल हुए . रहाणे ने इस मौके को यादगार बताते हुए कहा कि क्रिकेट ने उन्हें दुनिया में कई शानदार अनुभव दिए हैं, लेकिन इस तरह के आयोजन में हिस्सा लेना उनके लिए कुछ अलग था .
इस कार्यक्रम में रहाणे के अलावा भारत के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली और वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज ब्रायन लारा भी मौजूद थे. इंग्लैंड के जो रूट और हैरी ब्रूक जैसे खिलाड़ियों ने भी इसमें हिस्सा लिया. प्रिंस विलियम ने क्रिकेट के मैदान पर खिलाड़ियों के साथ समय बिताया. ऐतिहासिक बकिंघम पैलेस के सामने टेनिस बॉल से क्रिकेट खेलने का नजारा लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र रहा.
प्रिंस विलियम के साथ कई दिग्गज क्रिकेटर आए नजर
यह मुकाबला आम क्रिकेट मैचों से काफी अलग था. इसमें खिलाड़ियों ने टेनिस बॉल से खेल का आनंद लिया और क्रिकेट के जरिए आपसी जुड़ाव का संदेश दिया. रहाणे के लिए दुनिया के इतने बड़े क्रिकेटरों और ब्रिटेन के शाही परिवार के सदस्य के साथ खेलना एक अनोखा अनुभव रहा. इस आयोजन ने भारत और ब्रिटेन के बीच क्रिकेट के जरिए रिश्तों को मजबूत करने का मौका भी दिया.
पर्यावरण बचाने के संदेश से भी जुड़ा था कार्यक्रम
इस आयोजन का मकसद सिर्फ क्रिकेट खेलना नहीं था, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना भी था. इसे प्रिंस विलियम की पर्यावरण से जुड़ी पहल अर्थशॉट प्राइज से जोड़कर देखा गया. इस पहल के तहत पर्यावरण की समस्याओं का समाधान निकालने वाले नए विचारों और तकनीकों को बढ़ावा दिया जाता है. कार्यक्रम के जरिए खेल और पर्यावरण को एक साथ लाने की कोशिश की गई. रहाणे के लिए यह मौका क्रिकेट की यादों के साथ एक अच्छे उद्देश्य से जुड़ने का भी रहा.