IND vs ENG: भारत के लिए फाइनल की राह नहीं आसान!, इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल से पहले कोच गंभीर और कप्तान सूर्या के सामने ये बड़ा चैलेंज

India vs England Semi-Final T20 World Cup 2026: टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम ने सेमीफाइनल का टिकट तो हासिल कर लिया है, लेकिन सुपर-8 तक का सफर बिल्कुल आसान नहीं रहा. अब 5 मार्च को इंग्लैंड के खिलाफ होने वाला मुकाबला सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि गौतम गंभीर और कप्तान सूर्यकुमार यादव के लिए बड़ी परीक्षा बन चुका है.

यहां से जीत मिली तो फाइनल का रास्ता खुलेगा, और हार का मतलब होगा टूर्नामेंट से बाहर होना.

घरेलू परिस्थितियों में खेले जा रहे इस विश्व कप में टीम इंडिया से चैंपियन जैसी दमदार बल्लेबाजी की उम्मीद थी, लेकिन अब तक प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है. सुपर-8 तक पहुंचने की राह में बल्लेबाजी सबसे बड़ी चिंता बनकर उभरी.

टूर्नामेंट के पहले ही मैच में अमेरिका के खिलाफ भारतीय बल्लेबाजी की कमजोरी सामने आ गई थी. 77 रन तक टीम अपने छह प्रमुख विकेट गंवा चुकी थी. उस संकट की घड़ी में कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 84 रनों की जिम्मेदार पारी खेलकर टीम को संभाला. नामीबिया के खिलाफ ईशान किशन और हार्दिक पांड्या ने रन जरूर बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज अपेक्षाओं पर खरे नहीं उतरे. सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा जैसे खिलाड़ी भी संघर्ष करते नजर आए.

पाकिस्तान के खिलाफ मुकाबले में ईशान किशन ने 77 रनों की शानदार पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से निरंतर साथ नहीं मिला. नीदरलैंड के खिलाफ शिवम दुबे ने 66 रन बनाए, फिर भी बल्लेबाजी पूरी तरह संतुलित नहीं दिखी. ग्रुप चरण में छोटी टीमों के खिलाफ भी अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा और खुद कप्तान सूर्यकुमार यादव को रन बनाने के लिए जूझते देखा गया.

सुपर-8 में पहुंचने के बाद स्थिति और चुनौतीपूर्ण हो गई. दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पूरी टीम सिर्फ 111 रन पर सिमट गई. जिम्बाब्वे के खिलाफ जरूर बल्लेबाजी ने दम दिखाया और टीम ने बड़ा स्कोर खड़ा किया. वेस्टइंडीज के खिलाफ संजू सैमसन की 97 रनों की तूफानी पारी ने जीत दिलाई, लेकिन अन्य बल्लेबाजों की अस्थिरता बनी रही.

इस विश्व कप में अभिषेक शर्मा से बड़ी उम्मीदें थीं, पर छह मैचों में वह केवल 80 रन ही बना सके हैं और तीन बार खाता भी नहीं खोल पाए. सूर्यकुमार यादव का स्ट्राइक रेट भी 135 के आसपास रहा है, जो उनकी आक्रामक शैली के मुताबिक थोड़ा फीका माना जा रहा है. हार्दिक पांड्या भी बड़े मौकों पर प्रभाव छोड़ने में सफल नहीं हो पाए हैं. अगर निरंतरता की बात करें तो ईशान किशन ही ऐसे बल्लेबाज रहे हैं जिन्होंने लगातार योगदान दिया है.

अब इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में यही कड़ी सबसे बड़ी चिंता बन सकती है. गौतम गंभीर की रणनीति और सूर्यकुमार यादव की कप्तानी दोनों की असली परीक्षा अब होगी. सुपर-8 तक लड़खड़ाते हुए पहुंची टीम को अब एकजुट होकर चैंपियन जैसी क्रिकेट दिखानी होगी.

सेमीफाइनल का समीकरण साफ है जो जीतेगा, वह फाइनल खेलेगा; जो हारेगा, उसका सफर यहीं खत्म हो जाएगा. ऐसे में भारतीय बल्लेबाजों को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी. अब यह मुकाबला सिर्फ इंग्लैंड से नहीं, बल्कि खुद की कमियों से भी है. यही चुनौती टीम इंडिया को चैंपियन बनने की दिशा में असली कसौटी पर कसेगी.

Leave a Comment