PAK vs AUS: पहली बार ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पाकिस्तान ने बनाए 200 रन, शादाब खान का तूफान; बाबर-अयूब के अर्धशतक

तीसरे टी20 मैच में पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 207 रन बना दिए हैं. यह अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट इतिहास में पहली बार है जब पाक टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 200 से ज्यादा स्कोर बनाया है.

बाबर आजम और सैम अयूब ने अर्धशतक लगाया, वहीं डेथ ओवरों में शादाब खान ने तबाही मचाते हुए 46 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली.

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली बार 200 रन

पाकिस्तान टीम ने अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट इतिहास में पहली बार कंगारू टीम के खिलाफ 200 से ज्यादा रन बनाए. इससे पहले पाकिस्तान का ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सर्वोच्च टी20 स्कोर 198 रन था, जो उसने इसी सीरीज के दूसरे टी20 मैच में बनाए थे. बाबर आजम 36 गेंद में 50 रन बनाकर नाबाद लौटे. वहीं सलामी बल्लेबाज सैम अयूब ने 37 गेंद में 56 रनों की सधी हुई पारी खेली.

खासतौर पर शादाब खान ने खूब तबाही मचाई. शादाब पाकिस्तानी पारी के 14वें ओवर में बैटिंग करने आए थे, तब तक पाकिस्तान ने 4 विकेट खो कर 131 रन बना लिए थे. शादाब ने 19 गेंद में 46 रन बनाए, इस दौरान उन्होंने 2 चौके और 5 छक्के लगाए. उनकी तूफानी पारी की बदौलत पाकिस्तान ने अंतिम 6 ओवरों में 76 रन बना डाले. गेंदबाजी में ऑस्ट्रेलिया के कैमरून ग्रीन की जमकर पिटाई हुई. उन्होंने 3 ओवरों में 43 रन लुटा दिए.

पाकिस्तान के सबसे बड़े स्कोर

पाकिस्तान का टी20 क्रिकेट में सबसे बड़ा स्कोर 232 रन है, जो उसने इंग्लैंड के खिलाफ साल 2021 में बनाया था. वहीं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसका सबसे बड़ा स्कोर 207 रन है, जो उसने इसी मैच में बनाए हैं. भारत के खिलाफ पाकिस्तान टीम कभी 190 रनों का आंकड़ा भी नहीं छू सकी है. टीम इंडिया के खिलाफ उसका सबसे बड़ा स्कोर 182 रन है.

Leave a Comment