न्यूजीलैंड दौरे के लिए हाल ही में भारतीय टी20 टीम का ऐलान हुआ था. उसी दौरान न्यूजीलैंड के खिलाफ इंडिया ए टीम का भी ऐलान हुआ था. मगर इन दोनों ही टीमों में उत्तर प्रदेश के बल्लेबाज रिंकू सिंह को जगह नहीं मिली.
कुछ महीनों पहले तक भारतीय टी20 टीम का अहम हिस्सा रहे रिंकू अब किसी भी स्क्वॉड में नहीं हैं. मगर इसके बावजूद वो खुद को साबित करने में जुटे हैं. रणजी ट्रॉफी 2026 में सीजन में लगातार 2 शतक जमाकर उन्होंने अपने बल्ले से जवाब दिया है.
आधे से ज्यादा रन रिंकू ने बनाए
कानपुर में रणजी ट्रॉफी में ग्रुप स्टेज के दूसरे दौर के मुकाबलों में उत्तर प्रदेश और गोवा आमने-सामने थे. मगर पिछले मैच में बड़ा स्कोर बनाने वाली उत्तर प्रदेश की बैटिंग लाइन-अप इस बार वो कमाल नहीं कर सकी और पूरी टीम पहली पारी में सिर्फ 202 रन पर ही ढेर हो गई. हालांकि, पहले मैच की तरह इस बार भी टीम के शीर्ष क्रम में सिर्फ माधव कौशिक और रिंकू सिंह ही रन बना सके, जबकि अन्य बल्लेबाज नाकाम रहे.
मगर माधव कौशिक भी इस बार 45 रन से ज्यादा का योगदान नहीं दे सके. ऐसे में जब सिर्फ 137 रन तक ही उत्तर प्रदेश के 9 विकेट गिर गए थे, तब 150 रन बनते हुए भी नहीं दिख रहे थे. मगर ऐसे मौके पर ही बाएं हाथ के बल्लेबाज रिंकू सिंह ने अपनी जुझारू बैटिंग का नजारा पेश किया. उन्होंने 11वें नंबर के बल्लेबाज वंश चौधरी के साथ मिलकर 65 रन की साझेदारी कर टीम को 202 रन तक पहुंचाया. इस पारी के दौरान ही रिंकू ने एक लाजवाब शतक जमाया.
लगातार दूसरा शतक, 60 से ज्यादा औसत
उनका इस सीजन में ये लगातार दूसरा शतक है. पिछले मैच में भी रिंकू ने 112 रन बनाए थे. इस बार वो 186 गेंदों में 118 रन की पारी खेलकर नाबाद लौटे. ये रिंकू के फर्स्ट क्लास करियर का 11वां शतक है, जिसने उनके बैटिंग औसत को 60 के पार पहुंचा दिया है. इस पारी के बावजूद रिंकू को किसी भी फॉर्मेट की भारतीय टीम में मौका मिलने की उम्मीद फिलहाल कम है, जबकि इंडिया ए के दरवाजे भी फिलहाल नहीं खुल रहे हैं.