Vinesh Phogat vs WFI: बैन के बावजूद विनेश फोगाट पहुंचीं गोंडा, फेडरेशन के प्रतिबंध को बताया अवैध

भारत की दिग्गज कुश्ती पहलवान विनेश फोगाट और रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) का विवाद बढ़ गया है. गोंडा में हो रहे नेशनल ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट से रेसलिंग मैट पर वापसी करने जा रही विनेश पर WFI ने अचानक बैन लगा दिया था, जिसके चलते वो उन्हें इस टूर्नामेंट के लिए अयोग्य घोषित कर दिया गया था. मगर इस बैन के बावजूद विनेश फोगाट गोंडा पहुंच गई हैं और वहां पहुंचते ही उन्होंने एक बयान जारी करते हुए WFI के प्रतिबंध को अवैध बताया है. विनेश ने साफ कहा है कि उन्हें रेसलिंग की वैश्विक संस्था की तरफ से हरी झंडी मिल चुकी है.

पेरिस ओलंपिक में वजन ज्यादा होने के कारण फाइनल से डिस्क्वालिफाई हुईं विनेश ने तब रेसलिंग से ब्रेक ले लिया था. इसके बाद से ही वो करीब डेढ़ साल तक एक्शन से दूर रहीं. मगर कुछ महीने पहले ही उन्होंने वापसी का ऐलान कर दिया था और गोंडा में ओपन रैंकिंग टूर्नामेंट से वापसी की तैयारी कर ली थी. मगर उन्होंने इस दौरान टूर्नामेंट के वेन्यू पर सवाल खड़े कर दिए थे, जो WFI के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह का शहर है. इसी दौरान विनेश ने खुलासा किया था कि वो बृजभूषण द्वारा पीड़ित महिला पहलवानों में से एक थीं.

बैन के बावजूद पहुंचीं गोंडा

इसके बाद ही अचानक विनेश के पिछले साल डोप टेस्ट मिस करने की खबर आई थी. इसके बाद WFI ने उनके खिलाफ इसका ही हवाला देते हुए जून 2026 तक सभी तरह के टूर्नामेंट में हिस्सा लेने पर बैन लगा दिया था. इसका मतलब था कि वो रैंकिंग टूर्नामेंट में हिस्सा ले सकतीं. इसके बावजूद सोमवार 11 मई को विनेश गोंडा पहुंची और इसके साथ ही उन्होंने एक बयान जारी करते हुए WFI के बैन को अवैध बताया. इसके साथ ही उन्होंने WFI के अन्य आरोपों का भी जवाब दिया.

इंटरनेशनल एजेंसी से मिली इजाजत

अपने बयान में विनेश ने बताया WFI ने उनके ब्रेक और उसके बाद ट्रेनिंग और प्रतियोगिताओं में वापसी की टाइमलाइन को गलत तरीके से समझा है. WFI के नोटिस में बताया गया है कि विनेश 26 जून 2026 के बाद ही खेलने के लिए योग्य हो सकेंगी. मगर विनेश ने इंटरनेशल टेस्टिंग एजेंसी (ITA) से मिले क्लियरेंस का हवाला देते हुए खुलासा किया कि उन्हें 1 जनवरी 2026 को आधिकारिक ट्रेनिंग और कम्पटीशन में वापसी के लिए योग्य माना जा चुका है. विनेश ने साफ किया कि रेसलिंग की अंतरराष्ट्रीय संस्था UWW की ओर से ही ITA को नियुक्त किया गया है और इसलिए उसका फैसला सर्वोप्परि है.

विनेश ने साथ ही एशियन गेम्स 2026 समेत अन्य टूर्नामेंट में हिस्सा लेने के अपने इरादे को फिर से जाहिर किया और कहा कि जल्द ही अपने वकीलों के साथ मिलकर WFI के फैसलों और आरोपों का वो विस्तार से जवाब देंगी.