यूएई में चल रहे ILT20 2026 में कुछ कमाल के प्रदर्शन अभी तक देखने को मिले हैं. मगर जो ड्रामा MI एमिरेट्स और अबू धाबी नाइट राइडर्स के मुकाबले में दिखा, वो सबसे अलग था. लीग के चौथे सीजन का ये 7वां मैच था, जिसमें एमिरेट्स ने 36 रन से जीत दर्ज की.
इस जीत में एमिरेट्स की पारी का आखिरी ओवर सबसे अहम साबित हुआ, जहां वेस्टइंडीज के 3 धुरंधर आपस में भिड़े और छक्कों की बारिश हुई और विकेट के रूप में बदला भी देखने को मिला.
अबू धाबी में खेले गए इस मुकाबले में काइरन पोलार्ड की कप्तानी वाली एमिरेट्स ने पहले बैटिंग की और 19वें ओवर तक 177 रन ही बने थे. फिर आया 20वां ओवर, जिसने इस पारी का रुख बदल दिया. एमिरेट्स के लिए विंडीज स्टार शरफेन रदरफोर्ड बल्लेबाजी कर रहे थे और 14 गेंदों में 33 रन जड़ चुके थे. आखिरी ओवर के लिए वेस्टइंडीज के ही स्टार ऑलराउंडर जेसन होल्डर गेंदबाजी के लिए आए.
आखिरी ओवर में लगे 5 छक्के
होल्डर ने शुरुआती 3 ओवर में 32 रन पड़ चुके थे लेकिन लगभग इतने ही रन उन्होंने इस आखिरी ओवर में भी खर्च कर दिए. इसकी शुरुआत रदरफोर्ड ने लगातार 3 छक्के जड़कर की. तीसरे छक्के के साथ रदरफोर्ड ने 17 गेंदों में ही अपना अर्धशतक पूरा कर लिया. मगर चौथी गेंद पर होल्डर ने वापसी करते हुए रदरफोर्ड को पवेलियन लौटा दिया.
इसके बाद टीम के कप्तान और दिग्गज विंडीज बल्लेबाज पोलार्ड की एंट्री हुई और उन्होंने भी अपने कैरेबियाई साथी पर रहम नहीं दिखाया. सिर्फ 2 गेंद खेलने आए पोलार्ड ने इन दोनों पर ही छक्के जमाते हुए पारी का अंत किया. इस तरह 20वें ओवर में 5 छक्कों की मदद से 30 रन आए, जबकि 1 विकेट होल्डर को मिला.
एक ओवर ही बना नतीजे का अंतर
MI एमिरेट्स ने कुल 217 रन बनाए. रदरफोर्ड ने सिर्फ 18 गेंदों में 5 छक्कों और 3 चौकों की मदद से सबसे ज्यादा 51 रन बनाए, जबकि निकोलस पूरन ने नाबाद 42 रन की पारी खेली. नाइट राइडर्स के लिए सुनील नरेन फिर किफायती साबित हुए और 4 ओवर में उन्होंने 11 रन देकर 1 विकेट लिया. मगर आखिरी ओवर की मार नाइट राइडर्स पर भारी पड़ी. होल्डर की कप्तानी वाली ये टीम 20 ओवर में 171 रन तक ही पहुंच पाई. आंद्रे रसेल का सिर्फ 6 रन पर आउट होना टीम के लिए घातक साबित हुआ और नाइट राइडर्स लक्ष्य तक नहीं पहुंच पाई.