पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ मौजूदा टी20 सीरीज में कुलदीप यादव को प्लेइंग इलेवन से बाहर करने के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह समझदारी भरा कदम नहीं है क्योंकि उनकी उपस्थिति से काफी अंतर पैदा हो सकता है।
31 वर्षीय कुलदीप ने लखनऊ और रांची में खेले गए पहले दो मैचों में हिस्सा लिया, लेकिन इंदौर और हैदराबाद में खेले गए अगले दो मैचों में उन्हें टीम से बाहर कर दिया गया। बाएं हाथ के इस स्पिनर ने पहले मैच में 33 रन देकर दो विकेट लिए, लेकिन रांची में खेले गए मैच में उन्होंने 53 रन लुटाए, जिसमें भारत को हार का सामना करना पड़ा था।
‘आप ऐसा सोचते हैं तो सरासर गलत है’
अश्विन ने गुरुवार को अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ”यह बहुत हैरानी भरा फैसला है क्योंकि वेस्टइंडीज के बल्लेबाज कुलदीप की गुगली और लेग स्पिन को समझने में संघर्ष कर रहे हैं। ऐसे में अगर आप कुलदीप को प्लेइंग इलेवन से बाहर रखते हैं तो यह समझदारी भरा फैसला नहीं कहा जा सकता। यह वास्तव में हैरान करने वाला है क्योंकि मुझे लगता है कि उनकी मौजूदगी से 15 से 20 रन का अंतर पड़ सकता है।” उन्होंने कहा, ”मुझे सच में बहुत हैरानी हुई। कुलदीप को इंदौर में टीम में नहीं रखा गया और मैं इस फैसले का समर्थन करता हूं क्योंकि वहां मैदान छोटा है। लेकिन अगर आप यह सोचते हैं कि रांची में भारत को कुलदीप के कारण हार मिली तो यह सरासर गलत है।” कुलदीप इस महीने की शुरुआत में वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में भारत की तरफ से सबसे अधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज थे। उन्होंने तीन मैचों में सात विकेट लिए थे।
‘हम योजनाओं पर अमल नहीं कर सके’
भारत को बुधवार को चौथे टी20 में गेंदबाजी की कमजोरियों के उजागर होने के बाद बल्लेबाजों से भी निराशा मिली जिससे वेस्टइंडीज ने 24 रन से हराकर पांच मैच टी20 सीरीज में 2-2 से बराबर कर ली। कप्तान शाई होप (नाबाद 102 रन) के शतक के बाद वेस्टइंडीज के लिए कीमो पॉल ने 41 रन देकर पांच विकेट झटके जिससे भारतीय टीम 248 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए 19.3 ओवर में 223 रन ही बना सकी। भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने चौथे टी20 बाद कहा कि वे योजनाओं पर अमल नहीं कर सके। अय्यर ने कहा, ”हम गेंदबाजी में योजनाओं को अमल में नहीं ला सके। 250 रन के लक्ष्य को हासिल करना कभी भी आसान नहीं रहता। हम 12 रन प्रति ओवर के अधिक की रेट से रन बना रहे थे और वेस्टइंडीज़ ने बढ़िया गेंदबाजी की और इसका श्रेय उन्हें जाता है।” उन्होंने कहा, ”गेंद का बाउंस भी अधिक हो गया था लेकिन उनके गेंदबाजों ने बदली हुई परिस्थितियों को भांपा। अगला मुकाबला काफी दिलचस्प होगा।”