10 अक्टूबर 2027, यह वह तारीख है जब भारत और पाकिस्तान 2027 वनडे वर्ल्ड कप में भिड़ेंगे. भारत और पाकिस्तान को 4 अन्य टीमों के साथ ग्रुप ए में रखा गया है. अगले साल विश्व कप टूर्नामेंट 2 अक्टूबर से शुरू होगा और फाइनल 21 नवंबर को जोहानिसबर्ग में खेला जाएगा.
मगर क्या आप जानते हैं कि वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान एक नहीं बल्कि 3 बार आमने-सामने आ सकते हैं.
ICC ने गुरुवार, 1 अक्टूबर को वर्ल्ड कप का शेड्यूल जारी किया था. दरअसल टूर्नामेंट का फॉर्मेट इस बार बेहद दिलचस्प है, जो 3 अलग-अलग राउंड्स में खेला जाएगा, जिनमें भारत-पाकिस्तान की तीन बार टक्कर हो सकती है. यहां समझ लीजिए कैसे?
3 बार होगी भारत-पाकिस्तान की टक्कर
पहली टक्कर- भारत और पाकिस्तान की पहली टक्कर 10 अक्टूबर को होगी. यह मैच जोहानिसबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में खेला जाएगा. यह वनडे वर्ल्ड कप के इतिहास में भारत और पाकिस्तान की 9वीं भिड़ंत होगी. अब तक सभी 8 मुकाबले टीम इंडिया ने जीते हैं.
दूसरी टक्कर- ग्रुप स्टेज के बाद 12 में से सात टीम सुपर-7 स्टेज में जाएंगी. अगर बह्रत और पाकिस्तान, दोनों टीम सुपर-7 चरण के लिए क्वालीफाई कर पाते हैं, तो उनकी दूसरी टक्कर तय हो जाएगी. दोनों ग्रुप की पॉइंट्स टेबल की टॉप-3 टीम सुपर-7 में जाएंगी. वहीं सातवीं टीम वह होगी, जो दोनों ग्रुप में मिलाकर चौथी बेस्ट टीम होगी. बता दें कि सुपर-7 के मैच 25 अक्टूबर से शुरू होंगे.
तीसरी टक्कर- अगर भारत और पाकिस्तान, दोनों टीम ग्रुप स्टेज, सुपर-7 स्टेज से होकर सेमीफाइनल तक का सफर तय करती हैं, तो नॉकआउट स्टेज में उनकी सेमीफाइनल या फाइनल में टक्कर संभव है.
8-0 से आगे है भारत
अब तक भारत और पाकिस्तान के बीच वनडे वर्ल्ड कप में 8 मैच खेले गए हैं. साल 1992 में उनकी पहली टक्कर हुई थी. 36 साल बीत चुके हैं, लेकिन पाकिस्तान कभी भी विश्व कप में भारत को हरा नहीं पाया है. जब 2023 वर्ल्ड कप में उनकी आखिरी भिड़ंत हुई, तब टीम इंडिया ने 7 विकेट की आसान जीत दर्ज की थी.
भारत का शेड्यूल
- 7 अक्टूबर – भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया
- 10 अक्टूबर – भारत बनाम पाकिस्तान
- 14 अक्टूबर – भारत बनाम अफगानिस्तान
- 17 अक्टूबर – भारत बनाम क्वालीफायर ए
- 24 अक्टूबर – भारत बनाम जिम्बाब्वे