ECB Central Contracts List: इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने 2026-27 सीजन के लिए इंग्लैंड पुरुष क्रिकेट टीम के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट का ऐलान कर दिया है. इंग्लिश क्रिकेट ने इस बार कुल 39 खिलाड़ियों को अपने सिस्टम से जोड़ा गया है.
इसमें 30 खिलाड़ियों को सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट और 9 इमर्जिंग खिलाड़ियों को इंग्लैंड डेवलपमेंट कॉन्ट्रैक्ट में शामिल किया गया है. वहीं, रूट-ब्रूक समेत 11 खिलाड़ियों को 2 साल की मेगा डील भी मिली है. इस लिस्ट में चुने गए खिलाड़ियों को सालाना 2 करोड़ से 10 करोड़ रुपए तक मिलेंगे.
11 स्टार खिलाड़ियों को 2 साल का सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट
ईसीबी ने अपने कोर ग्रुप पर गहरा भरोसा जताते हुए कुल 11 खिलाड़ियों को दो साल के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से नवाजा है, जो 30 सितंबर 2028 तक प्रभावी रहेगा. इसमें जो रूट, हैरी ब्रूक, जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, जैकब बेथेल, सैम करन और विल जैक्स जैसे स्टार खिलाड़ियों का नाम शामिल है. वहीं, सन्नी बेकर को दो साल के करार में अपग्रेड किया गया है, वहीं जोश टंग भी दो साल के कॉन्ट्रैक्ट में शामिल हैं. इनके अलावा पहली बार सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट पाने वाले जॉर्डन कॉक्स और हेनरी क्रोकोम्ब को सीधे दो साल का लंबा करार सौंपा गया है.
ओली रॉबिन्सन की वापसी
2026-27 सीजन के लिए जारी मुख्य 30 खिलाड़ियों की लिस्ट में आठ ऐसे नाम हैं जो पिछले 2025-26 के चक्र में शामिल नहीं थे. टॉम बैंटन, सैम कुक, जॉर्डन कॉक्स, हेनरी क्रोकोम्ब, एमिलियो गे, मैथ्यू फिशर और डैन लॉरेंस ने अपने करियर में पहली बार सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट हासिल किया है. वहीं, तेज गेंदबाज ओली रॉबिन्सन ने 2022 और 2023 के बाद एक बार फिर सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में अपनी जगह पक्की कर ली है. इनके अलावा जोस बटलर, बेन डकेट, ओली पोप, जेमी स्मिथ, आदिल राशिद, फिल साल्ट, ब्राइडन कार्स, मैथ्यू पॉट्स और रेहान अहमद भी मेन लिसट में बरकरार हैं.
9 खिलाड़ियों को डेवलपमेंट कॉन्ट्रैक्ट
भविष्य के सितारों को तराशने के लिए ईसीबी ने 9 खिलाड़ियों को इंग्लैंड डेवलपमेंट कॉन्ट्रैक्ट दिया है, जिनमें से 6 खिलाड़ी पहली बार इससे जुड़े हैं. इस साल की शुरुआत में आईसीसी अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में यंग लायंस की अगुवाई करने वाले 18 साल के थॉमस रियू इस पूरी 39 सदस्यीय लिस्ट में सबसे युवा खिलाड़ी हैं. इन 9 खिलाड़ियों में जेम्स कोल्स, मेसन क्रेन, जोश हल, एडी जैक, बेन मैकिनी, लियाम पैटरसन-व्हाइट, मैथ्यू रेविस और मिच स्टेनली के नाम शामिल हैं.
ECB सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट
- दो साल का सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट: जोफ्रा आर्चर, गस एटकिंसन, सन्नी बेकर, जैकब बेथेल, जॉर्डन कॉक्स, हेनरी क्रोकोम्बे, सैम करन, विल जैक्स, जो रूट, जोश टोंग.
- 1 साल का सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट: रेहान अहमद, टॉम बैंटन, शोएब बशीर, जोस बटलर, ब्रायडन कार्स, सैम कुक, लियाम डॉसन, बेन डकेट, मैथ्यू फिशर, एमिलियो गे, डैन लॉरेंस, साकिब महमूद, जेमी ओवरटन, ओली पोप, मैथ्यू पॉट्स, आदिल राशिद, ओली रॉबिन्सन, फिल साल्ट, जेमी स्मिथ.
- डेवलपमेंट कॉन्ट्रैक्ट: जेम्स कोल्स, मेसन क्रेन, जोश हल, एडी जैक, बेन मैककिनी, लियाम पैटरसन-व्हाइट, थॉमस रेव, मैथ्यू रेविस, मिशेल स्टेनली.