न्यूजीलैंड के पूर्व कप्तान केन विलियमसन ने टेस्ट क्रिकेट के भविष्य को लेकर बड़ा बयान दिया है. हाल ही में संन्यास लेने वाले विलियमसन ने उन पांच बल्लेबाजों के नाम बताए हैं जिन्हें वह आने वाले सालों में टेस्ट क्रिकेट का अगला बड़ा स्टार मानते हैं.
खास बात यह है कि उनकी लिस्ट में भारत के दो युवा बल्लेबाज भी शामिल हैं.
विलियमसन की आत्मकथा ‘द बेयर मार्जिन्स’ हाल ही में रिलीज हुई है. 16 साल के शानदार अंतरराष्ट्रीय करियर के बाद क्रिकेट को अलविदा कहने वाले इस दिग्गज बल्लेबाज के नाम 33 टेस्ट शतक और 9515 टेस्ट रन दर्ज हैं. वह लंबे समय तक आईसीसी टेस्ट बल्लेबाजी रैंकिंग में नंबर-1 बल्लेबाज भी रहे.
आईसीसी रिव्यू पॉडकास्ट में नासिर हुसैन से बातचीत के दौरान विलियमसन ने ‘फैब फोर’ पर भी चर्चा की. फैब फोर में उनके अलावा विराट कोहली, स्टीव स्मिथ और जो रूट शामिल रहे हैं. विलियमसन ने कहा कि उन्होंने कभी इस टैग को दबाव के रूप में नहीं लिया और हमेशा टीम के लिए योगदान देने पर ध्यान केंद्रित किया.
जब नासिर हुसैन ने उनसे पूछा कि भविष्य में टेस्ट क्रिकेट का नया ‘फैब फोर’ या नया एलीट ग्रुप कौन बना सकता है, तो विलियमसन ने पांच बल्लेबाजों के नाम लिए.
उन्होंने कहा, ‘मैं इस सवाल का जवाब पहले भी दे चुका हूं, इसलिए अब मुझे वही नाम लेने होंगे. मैंने हैरी ब्रूक, शुभमन गिल, कैमरून ग्रीन और यशस्वी जायसवाल का नाम लिया था. एक और नाम रचिन रवींद्र का था.’
विलियमसन ने माना कि रचिन रवींद्र के सामने सबसे बड़ी चुनौती अलग-अलग फॉर्मेट में बढ़ते क्रिकेट का दबाव हो सकता है, लेकिन उनकी प्रतिभा उन्हें इस लिस्ट में जगह दिलाती है. विलियमसन के मुताबिक इंग्लैंड के हैरी ब्रूक, भारत के शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल, ऑस्ट्रेलिया के कैमरून ग्रीन तथा न्यूजीलैंड के रचिन रवींद्र आने वाले समय में टेस्ट क्रिकेट के सबसे प्रभावशाली बल्लेबाज बन सकते हैं.